ताजा खबर

नक्सलियों ने पेड़ गिराकर बिजली खंभा किया धराशायी
01-Apr-2021 7:56 PM
नक्सलियों ने पेड़ गिराकर बिजली खंभा किया धराशायी

  15 गांवों में अंधेरा, रास्ता बंद  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 1 अप्रैल।
कुटरू से बेदरे तक जाने वाली 11 केवी की मुख्य लाईन को बीती रात नक्सलियों ने पेड़ गिराकर धराशायी कर दिया। इससे क्षेत्र के करीब 15 गांवों में अंधेरा पसर गया है, वहीं पेड़ गिरे होने की वजह से मार्ग भी अवरुद्ध हो गए थे। जिसे बहाल करने का काम चल रहा था। शुक्रवार तक इस इलाके में विद्युत आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।

मिली जानकारी के मुताबिक भैरमगढ़ ब्लॉक के कुटरू से बेदरे तक जाने वाली 11 केव्ही की मेन लाईन के छह खम्बों को पेड़ गिराकर धराशायी कर दिया गया है। इससे इस क्षेत्र के अंबेली, करकेली बेदरे सहित करीब 15 गांव में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। इसकी खबर लगते ही सीएसईबी की टीम को मौके के लिए रवाना कर दिया गया।

सीएसईबी के ईई पीआर साहू ने बताया कि कुटरू से बेदरे की मेन लाइन में पेड़ गिराकर 11 केव्ही के छह खम्बों को नुकसान पहुंचाया गया है। इससे गुरुवार सुबह से इस इलाके के करीब 15 गांव में बिजली ठप हो गई है। श्री साहू के मुताबिक जल्द ही इस इलाके में बिजली आपूर्ती बहाल कर दी जाएगी। वहीं दूसरी ओर पेड़ गिराए जाने की वजह से रास्ता भी जाम हो गया था। जिसे बहाल करने का काम चल रहा था।


अन्य पोस्ट