ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 8 मार्च। दंतेवाड़ा में महिला दिवस के उपलक्ष्य में दंतेश्वरी फाइटर्स की महिला कमांडो ने अपने खाते में एक और उपलब्धि दर्ज की है। महिला कमांडो ने नक्सल स्मारक को ध्वस्त किया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि अरनपुर थाना अंतर्गत जबेली गांव में महिला नक्सली लीडर का स्मारक बनाया गया है। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव के मार्गदर्शन में जबेली की ओर पुलिस पार्टी रवाना की गई। पुलिस दल ने जबेली पहुंचकर देखा कि पुलिस द्वारा ढेर की गई महिला नक्सली लीडर भीमे उर्फ आयते का नक्शा स्मारक बना हुआ है। उक्त नक्सली लीडर को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था। भीमे पर राज्य शासन द्वारा 5 लाख रूपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। इसके उपरांत दंतेश्वरी फाइटर्स की महिला कमांडो ने भीमे के स्मारक को जमींदोज कर दिया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव ने इसे महिला कमांडो की एक और उपलब्धि बताया है।


