ताजा खबर

सिंहदेव, जयसिंह अग्रवाल भी पॉजिटिव
08-Mar-2021 12:45 PM
सिंहदेव, जयसिंह  अग्रवाल भी पॉजिटिव

सदन में सदस्यों ने जताई चिंता, जल्द सत्र खत्म करने आग्रह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 8 मार्च।
सरकार के दो कैबिनेट मंत्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव और राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। विधानसभा में सोमवार को दोनों मंत्रियों के कोरोना संक्रमित होने पर चिंता जताई गई। कांग्रेस सदस्य कुलदीप जुनेजा ने तो विधानसभा का सत्र जल्द से जल्द खत्म करने का आग्रह किया। 

विधानसभा में राजस्व विभाग के सवालों का जवाब आज विभागीय मंत्री जयसिंह अग्रवाल की गैर मौजूदगी में संसदीय कार्यमंत्री रविन्द्र चौबे ने दिया। चर्चा के दौरान श्री चौबे ने कहा कि उनके बगल में बैठने वाले स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव भी कोरोना के चपेट में आ गए हैं। इसी तरह उनके ठीक पीछे बैठने वाले राजस्व मंत्री भी पॉजिटिव हो गए हैं। 

कांग्रेस सदस्य श्री जुनेजा ने कहा दो सदस्य पहले से ही पॉजिटिव हैं, और दो मंत्री भी चपेट में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा का सत्र जल्द से जल्द खत्म होना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत एहतियात बरतने की सलाह दी।   

जानकारी के मुताबिक श्री सिंहदेव बीती रात अंबिकापुर दौरे से लौटे। इस दौरान उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। श्री सिंहदेव ने बताया कि वे अभी ठीक हैं। हल्की सर्दी और खांसी के लक्षण हैं। हाल ही में अपने संपर्क में आने वाले लोगों से उन्होंने आग्रह किया है कि किसी भी तरह के संक्रमण लक्षण दिखाई देने पर वे तुरंत कोरोना जांच कराएं। इसी तरह मंत्री जयसिंह अग्रवाल की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव बताई जा रही है।
 
दूसरी तरफ, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कोरोना पॉजिटिव आने की जानकारी ट्वीट कर दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि मेरे कोरोना रैपिड टेस्ट का परिणाम पॉजिटिव आया है। आपसे निवेदन है कि अगर पिछले 14 दिनों में आप मेरे संपर्क में आए हों तो टेस्ट करवा लें। इससे पहले तुरंत क्वारंटाइन हो जाएं। साथ आपसे अपील है कि अधिक भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। मास्क लगाएं और हाथ धोते रहें।


अन्य पोस्ट