ताजा खबर

रेंजर से 50 लाख की वसूली, वेब पोर्टल संचालक महिला मित्र के साथ हिरासत में
04-Feb-2021 12:38 PM
रेंजर से 50 लाख की वसूली, वेब पोर्टल संचालक महिला मित्र के साथ हिरासत में

परमवीर मरहास


‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 4 फरवरी। वन विभाग के अधिकारी से ब्लैकमेलिंग कर 50 लाख रुपये वसूल करने के आरोप में मुंगेली पुलिस ने एक पत्रकार और उनकी महिला मित्र को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपी से 8 लाख रुपये बरामद भी किये हैं। पूछताछ के बाद धारायें दर्ज की जायेगी।

पता चला है कि आरोपी परमजीत मरहास और उसकी महिला मित्र वर्षा तिवारी एक वेब पोर्टल न्यूज 24 सीजी डॉट कॉम नाम का पोर्टल चलाते हैं। उन्होंने रेंजर सीआर नेताम को किसी बड़े घोटाले में सीबीआई जांच का डर दिखाकर करीब 50 लाख रुपये वसूल लिये। यह भी पता चला है कि आरोपी मरहास को रेंजर के बारे में व्यक्तिगत जानकारी सरताज ईरानी नाम के व्यक्ति ने दी जो रेंजर का काफी करीबी है। आरोपियों ने रेंजर से सवा करोड़ रुपये कुल वसूलने की योजना बनाई थी। बाकी रकम लेने के लिये आज सुबह मरहास व वर्षा तिवारी मुंगेली पहुंचे थे। नेताम ने इस बात की शिकायत पुलिस को कर दी और दोनों को हिरासत में ले लिया गया। दोनों आरोपियों के मददगार सरताज ईरानी की पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस इस बात को लेकर हैरान है कि आखिर रेंजर ने कौन सा घोटाला किया है जिसके एवज में उसने 50 लाख रुपये पोर्टल चलाने वाले पत्रकारों को दे दिया। मुंगेली पुलिस के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ जारी है और आज शाम विस्तार से इस बारे में जानकारी दी जायेगी।  


अन्य पोस्ट