ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 जनवरी। राज्य सरकार के खिलाफ भाजपा ने शुक्रवार को रायपुर समेत प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में रैली निकाल जमकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी रायपुर समेत कुछ जगहों पर पुलिस के साथ झूमाझटकी भी हुई। भाजपा नेताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाया।
राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा में भाजपा का धरना-प्रदर्शन दोपहर में शुरू हुआ। धरना सभा को पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, सहप्रभारी नितिन नबीन, पूर्व मंत्री विधायक बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री राजेश मूणत आदि ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के किसान राज्य सरकार की नीतियों से परेशान हैं। यह सरकार धान खरीदी में विलंब से लेकर बारदाने की कमी का बहाना बनाने और अपनी जिम्मेदारियों से भागने में लगी है। किसान नकली खाद-बीज के नाम पर छले जा रहे हैं। राजीव गांधी न्याय योजना का समय पर लाभ नहीं मिल पा रहा है। कई जगहों पर किसानों का रकबा कम कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान विरोधी कांग्रेस सरकार दोबारा सत्ता में नहीं आ पाएगी। उन्हें किसान-मजदूरों का साथ नहीं मिल पाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अब की बार प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।
सैकड़ों भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं ने शाम को कलेक्टोरेट घेरने एक रैली निकाली, जो बूढ़ातालाब होकर सप्रे स्कूल के पास पहुंची थी, तभी पुलिस ने बेरीकेड्स लगाकर उन्हें आगे बढऩे से रोक लिया। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल बैलगाड़ी से धरना स्थल पहुंचे थे। शहर जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी, रमेश ठाकुर, ओंकार बैस सहित वार्डों के भाजपा पार्षद भी मौजूद थे।



