ताजा खबर

मिलिंग में देरी, करोड़ों का धान खराब, मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष का वॉकआउट
23-Dec-2020 2:27 PM
मिलिंग में देरी, करोड़ों का धान खराब, मंत्री  के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष का वॉकआउट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 दिसंबर।
धान की कस्टम मिलिंग में देरी का मामला बुधवार को विधानसभा में उठा। भाजपा सदस्य रजनीश सिंह ने बिलासपुर जिले के कुछ संग्रहण केन्द्रों का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 40-50 करोड़ के धान सड़ गए हैं। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि धान का लगातार उठाव हो रहा है, और मिलिंग भी चल रही है। उन्होंने कह दिया कि 15 साल तक आपकी सरकार रही है, कितना धान खराब हुआ, यह जानकारी देनी चाहिए। श्री भगत ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 4 हजार से अधिक शेड और चबूतरे बनाए हैं। सरकार बचाव की पूरे उपाय कर रही है। इस पूरे मामले पर मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्षी सदस्यों ने सदन से वॉकऑउट कर दिया। 

प्रश्नकाल में भाजपा सदस्य रजनीश सिंह ने मामला उठाया। उनके सवाल के जवाब में खाद्य मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2019-20 में समर्थन मूल्य पर सहकारी समितियों के जरिए खरीदे गए धान में से 11 दिसंबर 2020 की स्थिति में खरीदी केन्द्रों में धान शेष नहीं है। संग्रहण केन्द्रों में 4 लाख 15 हजार टन धान शेष है। उन्होंने कहा कि खरीफ वर्ष 2019-20 में खरीदे गए धान की कस्टम मिलिंग प्रचलित है। 

श्री सिंह ने बिलासपुर जिले के संग्रहण केन्द्रों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां करीब 40-50 करोड़ के धान सड़ गए हैं। मिलिंग हो नहीं पा रही है। खाद्य मंत्री ने कहा कि लगातार मिलिंग हो रही है, और आज की स्थिति में 3 लाख 76 हजार टन धान बाकी है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने धान संग्रहण केन्द्रों में मिलिंग के लिए उठाव नहीं होने का आरोप लगाया, और कहा कि इसके लिए विधानसभा सदस्यों की समिति बना दी जाए, जो वहां निरीक्षण करे, ताकि वस्तु स्थिति सामने आ सके।

खाद्य मंत्री ने कहा कि मिलिंग लगातार हो रही है। उन्होंने कहा कि रखरखाव की भी पूरी व्यवस्था की गई है। कांग्रेस सरकार आने के बाद 4 हजार शेड बनाए गए हैं। नेता प्रतिपक्ष और अन्य सदस्य सदन की कमेटी से जांच कराने पर जोर देते रहे। खाद्य मंत्री ने कहा कि आपकी सरकार में तो 2013-14 में 11 महीने तक मिलिंग होती रही। दोनों पक्षों के बीच नोंक-झोंक जारी रही। बाद में मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्षी सदस्यों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। 


अन्य पोस्ट