ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 14 जनवरी। सरकंडा थाना क्षेत्र में महिला से जुड़े गंभीर अपराध के मामले में पुलिस ने आरोपी राजीव शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने पीड़िता के पति की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर शादी का भरोसा दिलाया और लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया। विरोध करने पर पीड़िता और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता ने 12 जनवरी 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2003 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। कुछ समय पहले पति घर से चले गए थे। उनकी तलाश के दौरान उसकी पहचान आरोपी राजीव शर्मा से हुई, जिसने मदद का भरोसा दिलाया। आरोपी विश्व हिंदू परिषद् का विभाग मंत्री बताया जाता है। पीड़िता की उससे धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और आरोपी ने शादी का वादा कर पीड़िता का विश्वास जीत लिया।
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2022 में आरोपी उसे राजकिशोर नगर स्थित अपने घर ले गया, जहां डर और दबाव बनाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने शादी की बात कही, तो आरोपी ने बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। इस दौरान पीड़िता गर्भवती हुई, तो आरोपी ने उसका गर्भपात कराया। बाद में एक बच्ची के जन्म के बाद भी आरोपी ने अपहरण और हत्या की धमकी देकर चुप रहने का दबाव बनाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा थाना पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 294, 323, 506, 376(2)(एन) और 313 के तहत अपराध दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराए जाने पर रजनेश सिंह के निर्देश में कार्रवाई तेज की गई।
थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में गठित टीम ने रिपोर्ट के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी राजीव शर्मा (42 वर्ष), निवासी आशा आटा चक्की के पास, शक्ति चौक, राजकिशोर नगर, सरकंडा को 13 जनवरी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


