ताजा खबर

मलाईदार निगमों में नहीं होंगी नियुक्तियां, कल सूची जारी होने आसार
10-Dec-2020 5:56 PM
मलाईदार निगमों में नहीं होंगी नियुक्तियां, कल सूची जारी होने आसार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 दिसंबर।
सरकार के निगम-मंडलों में नियुक्तियां होने जा रही है। प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया की सहमति के बाद शुक्रवार को सूची जारी होने के आसार हैं। बताया गया कि बे्रवरेज कार्पाेरेशन, मार्कफेड, सीएसआईडीसी और मंडी बोर्ड में नियुक्तियां नहीं होंगी। 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम और मंत्रियों से दो दिन तक चर्चा के बाद करीब दो सौ पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं के नाम फाइनल कर लिए हैं, जिन्हेंं निगम-मंडल में पद दिया जाना है। यह भी तय हो गया है कि किस नेता को किस निगम-मंडल अथवा आयोग में पद दिए जाएंगे। सूत्र बताते हैं कि सरकार के चार मलाईदार माने जाने वाले निगम-मंडल में फिलहाल राजनीतिक नियुक्तियां नहीं होंगी। इन  निगम-मंडलों में ब्रेवरेज कार्पोरेशन, मार्कफेड, मंडी बोर्ड और सीएसआईडीसी हैं। यहां प्रशासनिक अफसर ही सर्वेसर्वा होंगे।
 
चर्चा है कि निगम-मंडलों में सभी मंत्रियों की राय को महत्व दिया गया है। गुटीय संतुलन बनाने की भी कोशिश की गई है। कहा जा रहा है कि बिलासपुर शहर के दो प्रभावशाली नेताओं को निगम-मंडल में पद दिया जा रहा है। खास बात यह है कि दोनों ही नेता एक-दूसरे के धुर विरोधी हैं। कई बार दोनों के समर्थक आपस में टकरा चुके हैं। तकरीबन सभी जिले से नेताओं को पद दिया जा रहा है। 

चार विधायकों के नाम पर सहमति पहले ही बन चुकी है। जिनमें चक्रधर सिदार, आशीष छाबड़ा,  विनय भगत और एक अन्य हैं। सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार को भी निगम-मंडल में जगह मिलने की चर्चा है। भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया संभवत:  शुक्रवार को यहां आ रहे हैं। उनसे अनुमोदन लेकर देर शाम-रात तक सूची जारी की जाएगी। 

राजीव भवन में फिर बैठेंगे मंत्री?
कोरोना संक्रमण के कारण राजीव भवन में मंत्रियों के जनदर्शन का कार्यक्रम बंद है। मंत्रीगण आम कार्यकर्ताओं की समस्या सुनने आते थे, लेकिन अब इसको फिर से शुरू किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं की तरफ से इसको लेकर काफी दबाव है और माना जा रहा है कि सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए जनदर्शन को फिर से शुरू किया जा सकता है। 


अन्य पोस्ट