ताजा खबर
8 को भारत बंद का समर्थन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 दिसंबर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राम मंदिर के चंदे पर भाजपा को घेरा है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के नाम पर भाजपा ने देशभर में कितने रूपए जमा किए, और कितना खर्च किया इसका हिसाब बताना चाहिए। श्री बघेल ने कहा कि अयोध्या का मुद्दा भाजपा के लिए आस्था का नहीं, राजनीति का मुद्दा है।
मुख्यमंत्री ने रविवार को मीडिया से चर्चा में राम मंदिर के चंदे को लेकर भाजपा से सवाल किए। उन्होंने पूछा कि भाजपा को शिला पूजन के लिए चंदे का हिसाब बताना चाहिए। उन्हें यह भी जवाब देना चाहिए कि शिला पूजन के लिए जमा किए गए चंदे का क्या हुआ?
मुख्यमंत्री ने पूछा कि देशभर में कितना रूपए जमा किया गया, और कितना खर्च किया गया इसका हिसाब बताना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा वालों ने चंदा इकट्ठा करने को धंधा बना लिया है। श्री बघेल ने कहा कि अयोध्या का मुद्दा भाजपा के लिए आस्था का नहीं, राजनीति का मुद्दा है। भाजपा ने राजनीति लाभ के लिए इस मुद्दे को उठाया था।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह पर निशाना साधते हुए श्री बघेल ने कहा कि डॉ. रमन सिंह 15 साल सरकार में थे तब राम वन गमन पथ क्यों नहीं बनाया? उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी संस्कृति में जो रचा बसा है, उस हिसाब से हम काम कर रहे हैं। राम को मानने वाले सारे हमारे नेता हैं। सबसे बड़े नेता महात्मा गांधी थे। जिन्होंने हे राम कहकर प्राण त्याग दिए। श्री बघेल ने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर उत्तेजना फैलाने का काम कर रही है। हिन्दुओं के नाम पर वोट लेती है। अब तक हिन्दुओं के लिए क्या किया?
भारत बंद को समर्थन
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि 8 तारीख को किसान मुद्दे पर कांग्रेस ने बंद को समर्थन देने का फैसला लिया है। कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली के बाहर लाखों किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। श्री बघेल ने कहा कि कृषि बिल केवल नाम का है, यह पूंजीपतियों के लिए बनाया गया है। किसानों की एक ही मांग है कि एमएसपी में खरीदी हो। एक लाइन लिखने में केन्द्र सरकार को क्या समस्या है।
उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य घोषित है, तो खरीदने की जिम्मेदारी केन्द्र सरकार की है। श्री बघेल ने कहा कि एथेनॉल निर्माण की जिम्मेदारी राज्यों को मिलनी चाहिए। एफसीआई गोदाम की एक सीमा है। अतिशेष बचे अनाज को एथेनॉल बनाने की अनुमति मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेशी धन पेट्रोलियम पदार्थ भेजने में खर्च होता है, उससे बचत होगी, और किसानों को फायदा होगा।
राज्य सरकार के कर्ज को लेकर भी श्री बघेल ने केन्द्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जीएसटी की रकम केन्द्र सरकार वसूल रही है, तो राज्य का हिस्सा देने में क्या परेशानी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षतिपूर्ति की राशि देने में भी केन्द्र सरकार आनाकानी कर रही है, और कर्ज लेने की बात कह रही है। मजबूरी में हम जीएसटी की क्षतिपूर्ति के लिए कर्ज ले रहे हैं। केन्द्र सरकार को कर्ज लेकर राज्यों को देना चाहिए। जिससे ब्याज में एकरूपता रहेगी। बकाया राशि का डिफरेंस बढ़ता जा रहा है, इसलिए हमें कर्ज लेना पड़ रहा है। यह केन्द्र सरकार की नीति की असफलता है।
हिसाब उन्हें देंगे जिन्होंने चंदा दिया है-बृजमोहन
राम मंदिर के चंदे का हिसाब मांगने पर पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने पलटवार किया है, और कहा है कि मुख्यमंत्री हिसाब मांगने वाले कौन होते हैं? उन्होंने कहा कि हिसाब तो उन्हें देंगे जिन्होंने चंदा दिया है।
अग्रवाल ने यह भी कहा कि भाजपा देश को एक रखने का काम करती है। धर्म जाति के नाम पर राजनीति नहीं करती। कांग्रेस देश में तुष्टिकरण की राजनीति करती है।


