ताजा खबर

बिलासपुर-कोरबा के युवक देवपहरी व नकिया जलप्रपात में डूबे, खोजबीन जारी
05-Dec-2020 1:22 PM
बिलासपुर-कोरबा के युवक देवपहरी व नकिया जलप्रपात में डूबे, खोजबीन जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 5 दिसंबर। परिवार के साथ शुक्रवार को बिलासपुर से पिकनिक मनाने देवपहरी आया एक युवक फिसलकर झरने में जा गिरा। करीब 80 फीट की ऊंचाई से गिरने के बाद बहकर वह पत्थरों के बीच फंस गया। घटना के बाद आस-पास के ग्रामीणों व पुलिस ने उसे खोजने का काफी प्रयास किया पर बहाव तेज होने से उसका पता नहीं लगाया जा सका। इसके अलावा शुक्रवार को ही दोपहर तीन बजे नकिया झरने में कोरबा का एक युवक डूब गया। इस घटना में भी युवक को नहीं ढूंढा जा सका है। खोजबीन का काम समाचार लिखे जाने आज दोपहर 12 तक जारी है।

बिलासपुर स्थित रेलवे कालोनी तारबहार में रहने वाले कल्याण हलधर उर्फ बाबई (25) अपनी मां व बहन के साथ कोरबा आए थे। बिलासपुर से कोरबा आकर 
कोसाबाड़ी में निवास कर रहे एक पूर्व परिचित के घर वे रुके और शुक्रवार को सुबह पिकनिक मनाने दोनों परिवार देवपहरी पहुंचे। पिकनिक के दौरान कल्याण ऊंचाई से झरना में गिर गया।  इस बात की सूचना आस-पास के ग्रामीणों और पुलिस को दी गई। उन्होंने मौके पर पहुंचकर कल्याण को खोजने का काफी प्रयास किया पर कोई फायदा न हुआ। अनुमान लगाया जा रहा है कि नीचे गिरने के बाद वह आस-पास के 20 मीटर के दायरे में किसी स्थान पर पानी के नीचे पत्थरों के बीच फंस गया है। गांव के पंच हरीशंकर यादव समेत लेमरू व देवपहरी के ग्रामीणों ने इस परिवार की सहायता करने काफी प्रयास किया और दोपहर से शाम तक झरने के पास ही डटे रहे। वे उसकी तलाश में नीचे जाना भी चाहते थे। पर झरने का पानी जहां गिरता है, वह गहरा होने के साथ पत्थरों से भरा हुआ है।  इसलिए पुलिस ने किसी को वहां जाने की अनुमति नहीं दी। शनिवार की सुबह  गोताखोरो ने युवक की तलाश शुरू कर दी है।
 
 दूसरी घटना नकिया जलप्रपात की है। यहां कोरबा डीगापुर निवासी एक युवक अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आया हुआ था। नहाने के दौरान युवक जलप्रपात के गहरे हिस्से में चला गया। युवक की खोजबीन जारी है।


अन्य पोस्ट