ताजा खबर

धान खरीदी में केंद्र डाल रही अडंगा-मरकाम
21-Nov-2020 1:56 PM
धान खरीदी में केंद्र डाल रही अडंगा-मरकाम

पाटेश्वरधाम निर्माण को कांग्रेस अध्यक्ष ने ठहराया गैरकानूनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 नवंबर।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने धान खरीदी में खलल पैदा करने का आरोप लगाते हुए बारदाना नहीं दिए जाने पर केंद्र  की मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी पर केंद्र अडंगा डालने की कोशिश कर रहा है। 

एक दिसंबर से शुरू हो रहे समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर श्री मरकाम ने कहा कि सीमित संसाधन के बावजूद प्रदेश की भूपेश सरकार 90 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा धान खरीदी में विलंब करने का आरोप लगाकर राजनीति कर रही है। जबकि 15 साल तक कभी भी भाजपा सरकार ने किसानों की उपज 75 लाख मीट्रिक टन से अधिक नहीं खरीदी। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार ने पिछले साल 83 लाख मिट्रिक टन धान की खरीदी की थी। उन्होंने कहा कि किसानों का एक-एक दाना सरकार खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।
 
शनिवार को राजनांदगांव जिले के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष श्री मरकाम ने सांकरदाहरा रवाना होने से पहले स्थानीय कांग्रेस भवन में मीडिया से संक्षिप्त चर्चा में सीबीआई को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का स्वागत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शुरू से प्रदेश सरकार सीबीआई के दाखिले को लेकर विरोध करती रही है। सुप्रीम कोर्ट का फैसला स्वागत योग्य है। जिसमें कहा गया है कि बिना इजाजत के सीबीआई किसी भी राज्य में दाखिल नहीं हो सकती। 
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि बालोद जिले के पाटेश्वरधाम में निर्माण कार्य वन विभाग के रिजर्व क्षेत्र में हो रहा है। रिजर्व फारेस्ट में निर्माण कार्य  पूरी तरह से अनुचित है। अब तक हुए निर्माण कार्य को लेकर जो जानकारी सामने आ रही है वह पूरी तरह से गैरकानूनी है। वन अमला अपना कार्य कर रहा है।  

उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में खुज्जी के सांकरदाहरा सम्मेलन पूरी सावधानी के साथ आयोजित की गई है। सभी को मास्क लगाकर  और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ सम्मेलन आमंत्रित किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्र्ताओं से मिलने का भी यह एक अवसर है। कार्यक्र्ताओं का उत्साहवर्धन के लिए वह यहां पहुंचे हैं।
 
श्री मरकाम ने कहा कि केंद्र सरकार संघीय ढांचा को लगातार प्रभावित कर रही है। लिहाजा केंद्रीय जांच एजेंसी से लेकर दूसरी एजेंसियों को लोगों को डराने-धमकाने के काम में उपयोग किया जा रहा है।


 

गर्मजोशी के साथ स्वागत
एक दिनी प्रवास पर आए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री मरकाम का कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। शहर पहुंचने पर स्थानीय मेयर हाउस में महापौर हेमा देशमुख के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कांग्रेस पार्टी के समर्थन में नारे लगाते कार्यकर्ताओं का जोश देखकर मरकाम काफी अभिभूत हुए। महापौर श्रीमती देशमुख ने महिला कार्यकर्ताओं  से उनका परिचय कराया। बाद में उन्होंने पोस्ट ऑफिस चौराहे पर स्थित स्व. उदय मुदलियार और अलानूर भिंडसरा के प्रतिमा में माल्यार्पण किया।
 
तत्पश्चात वह कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के लिए पहुंचे। कांग्रेस भवन में उन्होंने संक्षिप्त रूप से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते कहा कि प्रदेश सरकार के द्वारा चलाए जा रहे जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें। साथ ही उन्होंने राजनंादगांव जिले की सांगठनिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की। इस दौरान महापौर हेमा देशमुख, धनेश पटिला, विवेक वासनिक, पदम कोठारी, कुलबीर सिंह छाबड़ा, हफीज खान, थानेश्वर पटिला, श्रीकिशन खंडेलवाल, जितेन्द्र मुदलियार, रूबी गरचा, सुनीता फडऩवीस, नीतिन बत्रा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे।


अन्य पोस्ट