ताजा खबर

अमित जोगी रोज रात में सूची बनाते हैं, और बदलते हैं, फर्क नहीं पड़ता-देवव्रत
17-Nov-2020 3:16 PM
अमित जोगी रोज रात में सूची बनाते हैं,   और बदलते हैं, फर्क नहीं पड़ता-देवव्रत

 कोर कमेटी से निकालने के फैसले पर तंज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 नवंबर।
खैरागढ़ के विधायक देवव्रत सिंह ने पार्टी की कोर कमेटी से निकालने की खबरों पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अमित जोगी रोज रात को सूची बनाते हैं, और बदलते हैं। इससे फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि खुद अमित ने अजीत जोगी के विरासत को बेचने की कोशिश की थी, जिसे मरवाही की जनता ने नकार दिया।

दो दिन पहले जनता कांग्रेस के प्रमुख अमित जोगी ने ट्वीट किया था कि पार्टी में वैचारिक शुद्धीकरण की आवश्यकता है। उन्होंने पार्टी के बागी विधायक देवव्रत सिंह और प्रमोद शर्मा का नाम लिए बिना कहा था कि हमें मीर जाफरों और जयचंदों की जगह स्वर्गीय अजीत जोगीजी की छत्तीसगढ़ में स्वराज लाने की विचारधारा में आस्था रखने वाले लोगों की जरूरत है। सोमवार को पार्टी की बैठक में दोनों विधायकों को कोर कमेटी से बाहर करने का भी फैसला लिया गया। इस पर खैरागढ़ के विधायक देवव्रत सिंह ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि हम लोगों को पार्टी बैठक की जानकारी मीडिया से ही मिल रही है।
 
उन्होंने कहा कि हम अभी भी जनता कांग्रेस के विधायक हैं।  विधायकों की संख्या तीन नहीं हो जाती, तब तक नियमानुसार दलबदल नहीं हो सकता है। जहां तक पार्टी के कोर कमेटी के बदलाव का सवाल है, अमित जोगी रोज रात को सूची बनाते हैं, और बदलते हैं। हमें इससे फर्क नहीं पड़ता। देवव्रत सिंह ने कहा कि अमित जोगी ने भाजपा को  अजीत जोगी की विरासत को बेचने की कोशिश की थी, जिसे मरवाही की जनता ने नकार दिया।
 
उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस में अब न तो नेता बचे हैं, और न ही कार्यकर्ता। नैतिकता के नाते इस्तीफा देने की मांग पर खैरागढ़ विधायक ने  अमित जोगी को अपने गिरेबान में झांकने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि खुद जनता कांग्रेस के गठन के बाद दो साल तक विधायक रहे हैं। 


अन्य पोस्ट