ताजा खबर
राष्ट्रीय युवा दिवस पर बिलासपुर में ऐतिहासिक आयोजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 13 जनवरी। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर 12 जनवरी को बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा भव्य स्वामी विवेकानंद चेतना महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान 1500 स्कूली बच्चों ने स्वामी विवेकानंद की वेशभूषा में एक साथ पूर्ण वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी 1500 बच्चों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उन्हें गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
इसी अवसर पर पुलिस ग्राउंड में 5625 फीट लंबी स्वामी विवेकानंद की रंगोली बनाई गई, जिसे विश्व की दूसरी सबसे बड़ी रंगोली बताया जा रहा है। इस अद्भुत कलाकृति को देखने बड़ी संख्या में शहरवासी पहुंचे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विवेकानंद उद्यान में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारत के आध्यात्मिक विचारों को विश्व मंच पर पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति आत्मसंयम, आत्मनियंत्रण और आत्मअनुशासन को अपनाता है, वही सच्चे अर्थों में महान बनता है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि सभी मिलकर भारत की संस्कृति और अध्यात्म को फिर से विश्व में प्रतिष्ठित करें। स्वामी विवेकानंद जयंती संकल्प लेने का पावन अवसर है।
स्वामी विवेकानंद के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पुलिस ग्राउंड से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जो विवेकानंद उद्यान में संपन्न हुई। यहां मजबूत और समृद्ध भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
विवेकानंद उद्यान में स्वामी विवेकानंद के जीवन पर आधारित ज्ञानवर्धक प्रदर्शनी का अवलोकन उप मुख्यमंत्री साव और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया। यह प्रदर्शनी आम नागरिकों के लिए भी खुली रहेगी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।
राष्ट्रीय युवा दिवस पर देवकीनंदन चौक में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा स्वदेशी दौड़ का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री साव और केंद्रीय राज्य मंत्री साहू ने भगवा ध्वज दिखाकर दौड़ को रवाना किया।
इस मौके पर साव ने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए स्वदेशी के प्रति गर्व की भावना जरूरी है। स्वामी विवेकानंद आज भी युवाओं के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रमों में वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक, विधायक सुशांत शुक्ला, विधायक धर्मजीत सिंह, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण मोहित जायसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर दीपक सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, प्राचार्य और बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।


