ताजा खबर

मंत्रालय के सामने श्रमिकों के लिए नि:शुल्क दाल-भात केंद्र शुरू
12-Nov-2020 7:42 PM
मंत्रालय के सामने श्रमिकों के लिए नि:शुल्क दाल-भात केंद्र शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 नवम्बर।
श्रम मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया और उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने आज मंत्रालय परिसर के सामने निर्मित शहीद वीर नारायण श्रम अन्न दान योजना दाल भात केन्द्र का फीता काटकर शुभारंभ किया। दाल-भात केन्द्र में श्रमिकों को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। 

डॉ. डहरिया और श्री लखमा ने दाल भात केन्द्र के संचालन के लिए महिला स्वसहायता समूह ‘मोर फुलवारी’ को 40 हजार रूपए की राशि का चेक प्रदान किया। इस अवसर पर धरसींवा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अनिता शर्मा, मुख्य सचिव आर.पी. मण्डल, सहकारिता विभाग के सचिव आर. प्रसन्ना, श्रम विभाग के सचिव अन्बलगन पी. सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी और स्वसहायता समूह के सदस्य उपस्थित थे।

शहीद वीर नारायण श्रम अन्न दान योजना दाल भात केन्द्र का संचालन ‘मोर फुलवारी’ महिला स्व-सहायता समूह द्वारा किया जाएगा। इससे श्रमिकों को गरम भोजन की सुविधा मिलने के साथ ही महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। दाल भात केन्द्र के लिए जरूरी संसाधनों की व्यवस्था कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा किया जाएगा। शुभारंभ के अवसर पर अतिथियों ने दाल भात केन्द्र में बनाए गए गरम भोजन का आनंद लिया। दाल भात केन्द्र में आज दाल-भात, आलू-मुनगे की सब्जी, टमाटर की चटनी बनायी गयी थी। साथ ही केला और सेब भी वितरण किया गया। 


अन्य पोस्ट