ताजा खबर

चिटफंड की संपत्ति नीलाम कर ठगे गए निवेशकों को भुगतान
12-Nov-2020 3:03 PM
चिटफंड की संपत्ति नीलाम कर ठगे गए निवेशकों को भुगतान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 नवंबर।
प्रदेश में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब गबन करने वाली चिटफंड कंपनी की संपत्ति नीलाम कर ठगी के शिकार निवेशकों को राशि लौटाई जा रही है। बताया गया कि चिटफंड कंपनी याल्स्को रियल स्टेट एण्ड एग्रो फार्मिंग की संपत्ति नीलाम कर 17 हजार से अधिक निवेशकों को साढ़े 7 करोड़ से अधिक की राशि दी जा रही है। दीवाली के पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरूवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए राशि उनके खाते में अंतरित करेंगे। 

कांग्रेस ने चुनावी घोषणा पत्र में चिटफंड कंपनी की ठगी के शिकार निवेशकों को राशि लौटाने का वादा किया था। लाखों की संख्या में लोग ठगी के शिकार हुए हैं, और दर्जनों चिटफंड कंपनियां निवेशकों की राशि लेकर भाग गई। सरकार बदलने के बाद इस दिशा में कार्रवाई हुई है, और अब निवेशकों की राशि लौटाने की प्रक्रिया भी शुरू  की गई है। 

बताया गया कि याल्स्को रियल स्टेट एण्ड एग्रो फार्मिंग कंपनी ने भी हजारों लोगों को रकम दुगना करना का लालच देकर कर अपनी कंपनी में निवेश कराए थे। बाद में कंपनी भाग गई। सरकार ने कंपनी के डायरेक्टरों के स्वामित्व की कुल 292.36 एकड़ जमीन की कुर्क कर नीलामी कराई है। इसमें 8 करोड़ 15 लाख 34 हजार 345 रूपए प्राप्त हुए थे। दो चरणों में कंपनी के निवेशकों से दावा आपत्ति प्राप्त की गई, जिसमें कुल 17 हजार 171 निवेशकों के द्वारा कुल 24 करोड़ 75 लाख 47 हजार का दावा प्राप्त हुआ। 

आवेदनों की समीक्षा के बाद 16 हजार 796 निवेशकों द्वारा पूरी जानकारी के साथ दावा पेश किया गया था। जिला स्तरीय समिति द्वारा निवेशकों की दावा राशि का 30 फीसदी कुल मिलाकर 7 करोड़ 32 लाख 95 हजार 528 रूपए लौटाए जाने का फैसला लिया गया है। नीलामी की बचत राशि 82 लाख 38 हजार 817 रूपए शेष रहेगा। निवेशकों में 197 ओडिशा, 2971 महाराष्ट्र, 42 मध्यप्रदेश और शेष 13586 छत्तीसगढ़ के हैं। इन निवेशकों के खाते में एनईएफटी के जरिए स्थानांतरित किया जा रहा है। 
छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा बालोद के 3 हजार 761 निवेशक थे, जिन्हें 1 करोड़ 45 लाख 58 हजार रूपए का भुगतान हो रहा है। नांदगांव के कुल 1143 निवेशक हैं जिन्हें  61 लाख 59 हजार रूपए का भुगतान हो रहा है। बलौदाबाजार के 497, धमतरी के 1366, दुर्ग के 1835, बेमेतरा के 45, गरियाबंद के 148, जांजगीर-चांपा के 48, बीजापुर के 5, जगदलपुर-दंतेवाड़ा के 10-10 निवेशक हैं। इसके अलावा कांकेर के 2445 और रायपुर के 1616 निवेशक हैं। रायपुर के निवेशकों को 72 लाख 53 हजार से अधिक का भुगतान हो रहा है। 

 


अन्य पोस्ट