ताजा खबर
सांसद कल करेंगे पाटन थाने का घेराव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 अक्टूबर। अमलेश्वर स्थित शराब दुकान बंद कराने के लिए प्रदर्शन करने वाले भाजपा मंडल अध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि सहित तीन नेताओं को आज अमलेश्वर पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल द्वारा कल पाटन थाने का घेराव किया जाएगा।
गौरतलब हो कि अमलेश्वर शराब दुकान बंद कराने के लिए भाजपा पाटन मंडल अध्यक्ष लोकमणि चंद्राकर सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक सहित भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया था। इस प्रदर्शन के बाद अमलेश्वर पुलिस के द्वारा इस आंदोलन में शामिल भाजपा पदाधिकारियों जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ नामजद अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
इन भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के खिलाफ भादवि की धारा 147 341 149 392 186 427 188 के तहत कार्रवाई की गई थी। सवा 2 माह के बाद आज अमलेश्वर पुलिस के द्वारा भाजपा मंडल अध्यक्ष पाटन लोक मणि चंद्राकर सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक एवं जितेंद्र सेन को आज गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
नामजद भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं में लोक मणि चंद्राकर, हेमलाल साहू, लालेश्वर, जिला पंचायत सदस्य मोनू साहू, राजा पाठक, जितेंद्र सेन, राजकुमार ठाकुर, आरसी शर्मा, राकेश चंद्राकर, कुणाल शर्मा सहित अनेक भाजपा के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया।
सांसद विजय बघेल ने इस पुलिसिया कार्रवाई पर कहा है कि यह कार्यवाही सरकार की दमनकारी नीति है। फर्जी धारा लगा कर के जनप्रतिनिधियों को परेशान किया जा रहा है। जिला जनपद अध्यक्ष महिला प्रतिनिधि हर्ष लोक मणि चंद्राकर के ऊपर भी दारू लूटने की धाराएं लगाई गई है। दूरगामी परिणाम होंगे। भारतीय जनता पार्टी इस पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी।


