ताजा खबर

बिलासपुर में संक्रमित 10 हजार पार, बीते 24 घंटे में 159 नये, 5 मौतें
13-Oct-2020 10:26 AM
बिलासपुर में संक्रमित 10 हजार पार, बीते 24 घंटे में 159 नये, 5 मौतें

बिलासपुर, 13 अक्टूबर('छत्तीसगढ़')। जिले में कोरोना फिर अपनी पुरानी रफ्तार पर आ गया। बीते 24 घंटे के भीतर 159 नये संक्रमितों का पता चला, जिसके बाद आंकड़ा 10 हजार पार कर गया है। इसके एक दिन पहले यहां सिर्फ 98 केस मिले थे। बीते 24 घंटे में पांच और मरीजों की मौत हो गई।

नये मरीजों में 98 शहर के और 61 ग्रामीण क्षेत्रों से हैं। इन्हें मिलाकर अब तक संक्रमण के 10 हजार 113 मामले जिले से आज चुके हैं। बिलासपुर में कोरोना का पहला केस 26 मार्च को मिला था। इस तरह 10 हजार मरीजों की संख्या में लगभग 200 दिन लगे हैं। इस दौरान 199 मरीजों की मौत भी हो गई। सर्वाधिक केस सितम्बर माह में मिले, जब औसतन हर दिन 200 के पास केस आये। इसी माह एक सप्ताह के लिये लॉकडाउन भी जिले के शहरी इलाकों में किया गया था। हालांकि रिकवरी की रफ्तार भी सुधर रही है। इस समय एक्टिव केस की संख्या 1369 है।  मृतकों में चार बिलासपुर जिले के तथा एक जांजगीर का मरीज है। मृतकों में एक की उम्र 37 वर्ष है अन्य सभी 65 से 80 साल के मरीज हैं।

सोमवार की शाम कोरोना मरीजों की तलाश के लिये एक हफ्ते तक चलाया गया डोर-टू-डोर सर्वे का अभियान समाप्त हो गया। इस दौरान कुल 3 लाख 91 हजार 392 लोगों तक पहुंचने का दावा किया गया है। टीम को 2589 मरीज सर्दी, खांसी, बुखार व कोरोना के लक्षण वाले मरीज मिले। 2867 लोगों की कोरोना जांच भी की गई, जिनमें से 234 केस पॉजिटिव मिले।

हाल के दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना के केस बढ़े हैं। इस बात की भी आशंका है कि गांवों के बहुत से संभावित मरीज टेस्ट के लिये सेंटर्स में नहीं पहुंच रहे हैं। डोर-टू-डोर सर्वे को लेकर भी लोगों की शिकायत है कि उनके घरों में कोई नहीं पहुंचा जबकि चार लाख लोगों की जांच करने का दावा किया जा रहा है। 


अन्य पोस्ट