ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 अक्टूबर। महिलाओं को संगठित कर उनके जीवन को सृजनात्मक रूप देने की मुहिम से जुड़ी पद्मश्री श्रीमती फूलबासन यादव का नाम एक बार फिर लोगों की जुबां पर है। टेलीविजन के बहुचर्चित शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मौजूदा संस्करण के कर्मवीर विशेष एपिसोड में फूलबासन यादव हिन्दी फिल्मों के महानायक अमिताभ बच्चन के सामने नजर आएंगी।
उक्त प्रोग्राम को सोनी टीवी द्वारा आगामी 23 अक्टूबर को प्रसारित किया जाएगा। बताया गया है कि एक से 8 अक्टूबर तक मुम्बई में ठहरने के दौरान फूलबासन यादव की हॉटसीट में बैठे हुए शूटिंग पूरी हो गई है। बताया जा रहा है कि अमिताभ बच्चन द्वार पूछे गए सवालों का सही जवाब देने पर उन्हें ईनाम स्वरूप नगद राशि मिली है। फिलहाल उक्त राशि को सार्वजनिक नहीं किया गया है।
‘छत्तीसगढ़’ से अपना अनुभव साझा करते फूलबासन यादव ने कहा कि इस प्रोग्राम में शामिल होना गर्व का विषय है। महानायक अमिताभ बच्चन के सामने होना एक अद्भुत क्षण है। वह इसे जीवनभर याद रखेंगी। उन्होंने कहा कि ईनाम की राशि को वह लोगों के जीवनकल्याण को बेहतर बनाने में खर्च करेंगी।
गौरतलब है कि पूर्व में मिले कई राशि को फूलबासन यादव ने समाज को ही समर्पित कर दिया। जमनालाल बजाज चैरिटी द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया गया। केबीसी के शो में कर्मवीर सेंगमेंट के तहत फूलबासन को मशहूर अभिनेत्री रेणुका शहाणे ने साथ दिया। दोनों ने केबीसी के कई सवालों का बखूबी जवाब दिया। इस लोकप्रिय कार्यक्रम में फूलबासन यादव की उपस्थिति को लेकर प्रदेशभर में चर्चा का माहौल है। लोग इस कार्यक्रम को देखने के लिए बेहद आतुर नजर आ रहे हैं।


