ताजा खबर
-उत्तरा विदानी
महासमुन्द, 12 अक्टूबर('छत्तीसगढ़')। जिले के कोमाखान क्षेत्र स्थित ग्राम कारागुला में दो मासूम बच्चों की कुएं में डूबकर दर्दनाक मौत हो गई है। इससे गांव में मातम पसरा हुआ है। बताया जा रहा है कुआं बहुत पुराना है। उसका स्वरूप बदलकर डबरा बन चुका है जिसमें लगभग 10 से 12 फीट पानी भरा हुआ है। घटना कल रविवार देर शाम की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कारागुला में दोनों बच्चे खेलते-खेलते उक्त कुएं के पास जा पहुंचे और दोनों गिर गए। इसकी सूचना ग्रामीणों ने कोमाखान पुलिस को दी। पुलिस घटना कैसे हुई, इसकी जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर से कुणाल दीवान 4 वर्ष पिता शिवचरण दीवान तथा चेतन ठाकुर 3 वर्ष पिता धनेश ठाकुर घर से गायब थे। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चल पा रहा था। अंतत: ग्रामीणों ने चेतन ठाकुर की बाड़ी स्थित कुएं के पास पहुंचकर पड़ताल की। ग्रामीण कुएं के भीतर उतरे तो वहां दोनों बच्चे पानी के भीतर मृत अवस्था में मिले। दोनों बच्चे को तत्काल कोमाखान अस्पताल ले जाया गया। वहां से दोनों के शवों को जिला अस्पताल लाकर चीरघर में पोस्टमार्टम के लिए रखा गया है। आज दोनों के शवों का पोस्टमार्टम होगा और शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
बहरहाल पुलिस जांच में जुट गई है और गांव में शोक व्याप्त है। कोमाखावा पुलिस का मानना है कि बच्चे खेलते-खेलते बाड़ी स्थित कुएं के पास पहुंचे होंगे और उन्हें गहराई का आभास नहीं होने के कारण दोनों ही पानी में उतर गए होंगे या फिर खेलते-खेलते दोनों का पैर फिसला होगा और वे डूब गए होंगे। बच्चों के शरीर में मारपीट या चोट के कोई निशान नहीं हैं।



