ताजा खबर

एयरगन से गोली मारने का आरोप साबित नहीं, सीआरपीएफ जवान बरी
22-Nov-2026 11:46 AM
एयरगन से गोली मारने का आरोप साबित नहीं, सीआरपीएफ जवान बरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 22 नवंबर। मल्हार में होली के दिन युवक पर एयरगन से गोली चलाकर हत्या का प्रयास करने के मामले में अदालत ने सीआरपीएफ आरक्षक पुलकेश नापित को बरी कर दिया है। अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य पेश नहीं कर सका। अदालत ने जांच में कई गंभीर खामियां भी पाईं।

द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश ममता पटेल की अदालत ने आरोपी को भारतीय दंड संहिता की धारा 294 और 307 के आरोपों से दोषमुक्त कर दिया।

अभियोजन के अनुसार, घटना 25 मार्च 2024 को दोपहर करीब 4:30 बजे की है। पीयूष ठाकुर अपने दोस्तों के साथ मल्हार में देव हेल्थ केयर के पास खाली मैदान में होली मना रहा था। वहां सभी नगाड़ा बजा रहे थे।

आरोप था कि इसी दौरान सीआरपीएफ आरक्षक पुलकेश नापित ने शोर-शराबे पर आपत्ति जताई और गाली-गलौज करते हुए अपनी एयर राइफल से फायरिंग कर दी। कथित तौर पर दूसरी गोली पीयूष के सीने में लगी थी।

अदालत ने पाया कि पुलिस को घटनास्थल या घायल युवक के पास से कोई गोली अथवा पैलेट बरामद नहीं हुआ। कुछ गवाहों ने दावा किया था कि युवक के सीने से पैलेट निकाला गया था, लेकिन पुलिस इसे जब्त नहीं कर सकी।

पुलिस ने कथित एयरगन को बैलिस्टिक जांच के लिए भी नहीं भेजा। जांच अधिकारी ने तर्क दिया कि एयरगन में बारूद का इस्तेमाल नहीं होता। अदालत ने इस तर्क को पर्याप्त नहीं माना। हथियार को चार्जशीट के साथ अदालत में भी पेश नहीं किया गया।

चिकित्सकीय रिपोर्ट में पीयूष के सीने पर केवल मामूली खरोंच का उल्लेख था। इसमें न तो गोली लगने की स्पष्ट पुष्टि थी और न ही खून निकलने का जिक्र। पुलिस ने घायल के खून से सने कपड़े भी जब्त नहीं किए थे।

अदालत ने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों से यह साबित नहीं होता कि आरोपी ने ऐसी मंशा या जानकारी के साथ गोली चलाई थी, जिससे किसी की जान जा सकती थी।

इस मामले में पुलकेश नापित 25 मार्च से 2 मई 2024 तक कुल 38 दिन न्यायिक हिरासत में रहे। अदालत ने अपील की अवधि समाप्त होने के बाद उचित पहचान और नियमानुसार जब्त एयरगन लौटाने का निर्देश भी दिया है।


अन्य पोस्ट