ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 22 नवंबर। मोबाइल खरीदने के नाम पर चार महंगे फोन लेने और भुगतान नहीं करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खरीदार ने दुकानदार को पांच लाख रुपये का चेक दिया था, लेकिन रकम मांगने पर भुगतान से मुकर गया। बाद में उसने चेक गुम होने की बात कहकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश की। दुकानदार की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन क्षेत्र के सिंधी कॉलोनी निवासी जितेंद्र कुमार मलघानी की करबला रोड स्थित पुराने बस स्टैंड के पास सुनीता म्यूजिक नाम से मोबाइल दुकान है।
दुकानदार के मुताबिक, 31 अक्टूबर को परिचित महक आडवाणी ने उनकी फोन पर निरमान किंगरानी से बात कराई थी। इसके बाद निरमान ने अपने एक सहयोगी को तीन अलग-अलग बार दुकान भेजकर चार महंगे मोबाइल फोन मंगवाए। इनकी कुल कीमत 3 लाख 23 हजार रुपये थी।
मोबाइल लेने के बदले आरोपी ने पांच लाख रुपये का चेक दिया और उसी दिन भुगतान हो जाने का भरोसा दिलाया। दुकानदार ने अगले दिन रकम मांगी तो आरोपी ने भुगतान करने से इनकार कर दिया।
दुकानदार ने जब चेक बैंक में जमा करने की बात कही तो आरोपी कथित तौर पर धमकाने लगा।
दुकानदार का आरोप है कि आरोपी ने बाद में चेक गुम होने की शिकायत थाने में दर्ज कराने की बात कही। उसका कहना है कि परिचित के माध्यम से बातचीत होने के कारण उसने भरोसा करके मोबाइल दे दिए थे, लेकिन अब आरोपी रकम देने के बजाय धमकी दे रहा है।
दुकानदार की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस लेन-देन और चेक से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।