ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 23 फरवरी। शहर में सड़क को पार्टी हॉल बना देने का एक और मामला सामने आया है। सरकंडा क्षेत्र में एग्रीकल्चर कॉलेज के सामने कुछ युवाओं ने बीच सड़क बाइक-स्कूटी रोककर जन्मदिन मनाया। पटाखे फोड़े गए, केक काटा गया और ट्रैफिक थम गया। किसी राहगीर ने पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद कर लिया। अब वीडियो सोशल मीडिया पर घूम रहा है और पुलिस जांच की बात कह रही है।
रविवार देर रात करीब 11 बजे रतनपुर रोड से लौट रहे दो युवक-युवती सरकंडा-कोनी रोड पर रुके। बताया जा रहा है कि युवती का जन्मदिन था। केक स्कूटी की सीट पर रखा गया और वहीं काटा गया।
साथ आए युवकों ने बाइक सड़क पर खड़ी कर पटाखे जलाए। इस दौरान कई वाहन धीमे हो गए और कुछ देर के लिए रास्ता बाधित रहा। पास से गुजर रही एक कार में बैठे लोगों ने वीडियो बना लिया, जो बाद में वायरल हो गया।
जिले के एसएसपी रजनेश सिंह पहले ही सड़क पर स्टंट और बर्थडे सेलिब्रेशन को लेकर सख्त निर्देश दे चुके हैं। थानों को ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई के आदेश हैं। पहले भी वायरल वीडियो के आधार पर जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की गई है। इसके बावजूद कुछ युवाओं पर सख्ती का असर कम दिख रहा है।
सड़क पर केक काटने और स्टंट के मामलों पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय पहले ही कड़ा रुख अपना चुका है। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति बी.डी. गुरु की खंडपीठ ने एक आदेश में कहा था कि पुलिस की कार्रवाई दिखावे की नहीं, असरदार होनी चाहिए। 21 नवंबर 2025 की सुनवाई में राज्य सरकार को निर्देश दिया गया था कि ऐसे मामलों में नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। वाहनों की जब्ती, जुर्माना और दोबारा गलती होने पर कड़ी सजा की बात भी कही गई थी।
मुख्य सचिव के शपथपत्र के अनुसार, मंत्रालय में आईजी कॉन्फ्रेंस कर सभी जिलों के कलेक्टर और एसपी को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क पर जश्न, स्टंट और हुड़दंग पर कड़ा एक्शन लिया जाए। पुलिस फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच करने की बात कह रही है।


