ताजा खबर
संघर्ष समिति ने की 4सी विस्तार के लिए समयबद्ध योजना की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 23 फरवरी। बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार में देरी को लेकर स्थानीय नागरिकों में असंतोष बढ़ रहा है। हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने साफ कहा है कि एयरपोर्ट का 4सी कैटेगरी में विस्तार कब होगा, इसका कोई तय समय नहीं है। बिना लक्ष्य तारीख के विकास की बातें सिर्फ कागजों में रह जाती हैं।
समिति ने यह भी कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट से उड़ानों का नियमित शेड्यूल जरूरी है। खासकर नई उड़ानों के लिए ठोस प्रयास किए जाएं, ताकि यात्रियों को दूसरे शहरों तक सीधी और भरोसेमंद सुविधा मिल सके।
समिति ने बिलासपुर से प्रयागराज के बीच चल रही उड़ानों को सप्ताह में सिर्फ एक दिन कर देने के फैसले की कड़ी निंदा की है। उनका कहना है कि यह रूट हमेशा सफल रहा है और औसतन 80 प्रतिशत सीटें भरी रहती हैं। ऐसे में फ्लाइट घटाना जनहित के खिलाफ है। समिति ने मांग की है कि बिलासपुर-प्रयागराज उड़ान कम से कम हफ्ते में तीन दिन चलाई जाए।
समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक बिलासपुर एयरपोर्ट को 4सी श्रेणी में अपग्रेड नहीं किया जाएगा, तब तक बड़ी विमान सेवाएं यहां नियमित रूप से शुरू नहीं होंगी।
4सी कैटेगरी होने से बड़े विमान उतर सकेंगे, यात्रियों की संख्या बढ़ेगी और शहर को देश के प्रमुख महानगरों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। रविवार को भी हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। बड़ी संख्या में लोग एयरपोर्ट पहुंचे और अपनी नाराजगी जताई।
समिति ने चेतावनी दी है कि जब तक 4सी कैटेगरी के लिए समयबद्ध योजना घोषित नहीं होती और उड़ानों का नियमित शेड्यूल तय नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


