ताजा खबर
सीपत केस में अब भी पुलिस खाली हाथ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 23 फरवरी। राजकिशोर नगर में हुई लूट की वारदात के आरोपियों को यूपी से प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर लाया जा चुका है। रविवार को सरकंडा पुलिस ने चार आरोपियों को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन की रिमांड मांगी, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया।
एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि राजकिशोर नगर लूट कांड में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से एक आरोपी पहले ही जेल भेजा जा चुका है। बाकी आरोपियों को पुलिस टीम शनिवार को मिर्जापुर (यूपी) से लेकर आई।
सरकंडा थाने में शनिवार देर रात तक पूछताछ चली। रविवार को सभी चार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल वाहन, हथियार और लूट का माल बरामद करने की कोशिश की जाएगी।
इधर, सीपत थाना क्षेत्र के खम्हरिया में सराफा व्यापारी से करीब 50 लाख रुपए के जेवर से भरे दो बैग लूट लिए गए थे। घटना के बाद पुलिस ने नाकेबंदी और छापेमारी शुरू की, लेकिन दो दिन बीतने के बाद भी कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द पकड़ में होंगे, लेकिन अब तक न तो लूट का माल मिला है और न ही बदमाशों का कोई ठिकाना पता चला है।
संपत्ति संबंधी अपराधों की जांच के लिए एंटी क्राइम एंड क्रिमिनल यूनिट बनाई गई थी। अलग-अलग थानों से जवान लेकर इस यूनिट को मजबूत किया गया। इसके बावजूद कई बड़े चोरी और लूट के मामलों में आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।


