ताजा खबर
भाजपा ग्रामीण का प्रशिक्षण शिविर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 22 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी, बिलासपुर ग्रामीण द्वारा शनिवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। पांच सत्रों में बंटे इस शिविर में अलग-अलग विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल ने की।
साहू ने कहा कि समय-समय पर ऐसे शिविर इसलिए जरूरी हैं ताकि कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, इतिहास और विकास यात्रा की पूरी जानकारी रहे। एक प्रशिक्षित कार्यकर्ता समाज पर गहरा प्रभाव छोड़ता है। सही जानकारी से ही हम जिम्मेदार और परिपक्व बनते हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि 55 करोड़ जनधन खाते खोलकर गरीबों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तीन करोड़ से अधिक पक्के घर दिए गए। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य रखती हैं।
दूसरे सत्र में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि हर कार्यकर्ता को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और बजट की मुख्य बातों की जानकारी होनी चाहिए। छत्तीसगढ़ गठन से अब तक के विकास कार्यों को जनता के सामने रखना हमारी जिम्मेदारी है।
तीसरे सत्र में बताया गया कि 7 मार्च से 14 अप्रैल तक जिले के सभी मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
चौथे सत्र में प्रणव शर्मा ने पंच परिवर्तन विषय पर चर्चा की, जबकि अंकित गुप्ता ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर मार्गदर्शन दिया। अंतिम सत्र में पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री यश मनहर ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में जिला और मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।


