ताजा खबर

10 किलोमीटर तक सूंघती रही विमला, जंगल से जिंदा मिला लापता किसान
22-Feb-2026 11:11 AM
10 किलोमीटर तक सूंघती रही विमला, जंगल से जिंदा मिला लापता किसान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 22 फरवरी। बेलगहना क्षेत्र से दो दिन से लापता एक व्यक्ति को पुलिस डॉग स्क्वॉड की मदद से घने जंगल से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। अगर थोड़ी भी देरी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

दंडबचाली गांव निवासी 48 वर्षीय तरुण सिदार 19 फरवरी की सुबह खेत जाने की बात कहकर निकला था। रात तक घर नहीं लौटा तो परिवार चिंतित हो गया। खोजबीन के दौरान पता चला कि उन्हें आखिरी बार तुलुफ के खेत में अपने साथियों के साथ शराब पीते देखा गया था।

परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए बेलगहना चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास तरुण सिदार की चप्पल और टोपी मिली। इससे मामला गंभीर हो गया। साथियों से पूछताछ की गई, लेकिन घटना वाले दिन वे भी नशे में थे, इसलिए कोई ठोस जानकारी नहीं दे पाए।

स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर डॉग स्क्वॉड बुलाया गया।

बिलासपुर से पुलिस डॉग विमला अपने हैंडलर मनोज साहू के साथ मौके पर पहुंची। विमला ने बरामद सामान को सूंघा और फिर जंगल का रास्ता पकड़ लिया।

करीब 10 किलोमीटर तक घने जंगल और पहाड़ी रास्तों से गुजरते हुए विमला ने पहरबचाली के जंगल में एक स्थान पर इशारा किया। वहां तरुण सिदार बेहोशी की हालत में पड़ा मिला।

प्राथमिक उपचार के बाद तरुण ने बताया कि ज्यादा शराब पीने के बाद अपराधबोध और डर के कारण वह जंगल में भटक गया। दो दिन तक भूखे-प्यासे वहीं पड़ा रहा, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई।

अगर समय पर तलाश नहीं होती, तो जंगल में भूख-प्यास और बेहोशी की हालत में कुछ भी अनहोनी हो सकती थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डॉग स्क्वॉड की मदद से पहले भी कई मामलों में सफलता मिली है। इस बार भी विमला की सूंघने की क्षमता और सतर्कता ने एक जान बचा ली। फिलहाल तरुण का इलाज कराया जा रहा है।


अन्य पोस्ट