ताजा खबर

पूजा करने मंदिर गई महिला से छेड़छाड़, इंकार पर जान से मारने की धमकी
22-Feb-2026 11:12 AM
पूजा करने मंदिर गई महिला से छेड़छाड़, इंकार पर जान से मारने की धमकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 22 फरवरी। रतनपुर थाना क्षेत्र में मंदिर में पूजा करने गई एक महिला के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

घटना 20 फरवरी की बताई जा रही है। खैरा गांव की रहने वाली महिला गांव के तालाब किनारे स्थित शिव मंदिर में पूजा करने गई थी। उसी दौरान गांव का ही रहने वाला युवक राजा उर्फ चंदसेन नेताम वहां पहुंचा।

आरोप है कि उसने अचानक महिला के दोनों हाथ पकड़ लिए और गलत इरादे से अशोभनीय हरकतें करने लगा। महिला ने जब सख्ती से विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दे डाली।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग निकला।

महिला ने रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला महिला से जुड़ा गंभीर अपराध होने के कारण थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडे ने तत्काल टीम गठित की।

पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसके घर पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी राजा उर्फ चंदसेन नेताम (18 वर्ष 8 माह), निवासी खैरा को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट