ताजा खबर

नाबालिग का अपहरण, 10 माह बाद पुलिस ने पंजाब से बरामद किया
22-Feb-2026 11:13 AM
नाबालिग का अपहरण, 10 माह बाद पुलिस ने पंजाब से बरामद किया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 22 फरवरी। बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र से लापता हुई नाबालिग बच्ची को पुलिस ने 10 महीने बाद पंजाब से सुरक्षित बरामद कर लिया है। परिवार ने जब उम्मीद छोड़नी शुरू कर दी थी, तभी पुलिस की लगातार तलाश रंग लाई।

7 मई 2025 को परिजन ने कोनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलते ही धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल व सीएसपी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम लगातार बच्ची की खोज में जुटी रही।

हाल ही में विश्वसनीय सूचना मिली कि बच्ची पंजाब के लखनूर साहिबजादा इलाके में है। सूचना मिलते ही कोनी पुलिस की टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और तुरंत कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया।

बरामदगी के बाद बच्ची को बिलासपुर लाकर उसके परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट