ताजा खबर

विश्वविद्यालय सिर्फ डिग्री नहीं, बदलाव के केंद्र बनें- राज्यपाल डेका
22-Feb-2026 10:28 AM
विश्वविद्यालय सिर्फ डिग्री नहीं, बदलाव के केंद्र बनें- राज्यपाल डेका

अटल विवि में ‘समग्र विकास के लिए विश्वविद्यालयों का रूपांतरण’ विषय पर कुलपतियों का सम्मेलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 22 फरवरी। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय में शनिवार से कुलपतियों का दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हुआ। समग्र विकास के लिए विश्वविद्यालयों का रूपांतरण विषय पर आयोजित इस सम्मेलन का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमन डेका ने किया। देश और प्रदेश के 42 वर्तमान व पूर्व कुलपतियों ने इसमें भाग लिया।

उद्घाटन सत्र में राज्यपाल डेका ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन में केवल लेन-देन नहीं, बल्कि ऐसा काम करें जो समाज में बदलाव लाए।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य ए.डी.एन. वाजपेयी, महापौर पूजा विधानी, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति गिरीश चंद्र त्रिपाठी सहित कई शिक्षाविद मौजूद रहे।

राज्यपाल ने कहा कि भारत की प्राचीन शिक्षा प्रणाली मूल्य आधारित और समृद्ध थी, लेकिन औपनिवेशिक काल में मैकॉले की नीतियों से इसकी दिशा बदल गई।

उन्होंने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 भारतीय मूल्यों और समग्र विकास की सोच को फिर से मजबूत करने का प्रयास है। विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी है कि वे इसे जमीन पर उतारें।

राज्यपाल डेका ने कहा कि अब विश्वविद्यालय सिर्फ डिग्री देने की जगह नहीं हैं। वे विचार, शोध, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के केंद्र हैं।

उन्होंने अकादमिक प्रशासन, गुणवत्ता सुधार, शोध, नवाचार और डिजिटल बदलाव पर खास जोर दिया।

ड्रॉपआउट की समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि जब तक छात्र पढ़ाई से जुड़े नहीं रहेंगे, किसी भी नीति का लक्ष्य पूरा नहीं होगा।

राज्यपाल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑनलाइन संसाधन और डाटा विश्लेषण उच्च शिक्षा में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इनका उपयोग गुणवत्ता बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए, लेकिन मानवीय मूल्यों को बनाए रखना भी जरूरी है।

कुलपति आचार्य ए.डी.एन. वाजपेयी ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप पाठ्यक्रम सुधार, समय पर परीक्षा परिणाम और दीक्षांत समारोह जैसे कार्यों में विश्वविद्यालय ने प्रगति की है।

उन्होंने कहा कि पारदर्शी प्रशासन और सामूहिक निर्णय हमारी प्राथमिकता है। वित्तीय मजबूती और बुनियादी ढांचे के विकास पर काम जारी है।

कार्यक्रम में संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, शिक्षक और विद्यार्थी भी मौजूद रहे।

राज्यपाल ने सम्मेलन की सफलता की कामना करते हुए कहा कि ऐसे मंच उच्च शिक्षा की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाते हैं।


अन्य पोस्ट