ताजा खबर

मनियारी पर पुल निर्माण धीमा, डिप्टी सीएम ने बरसात से पहले हर हाल में पूरा करने का दिया निर्देश
22-Feb-2026 10:28 AM
मनियारी पर पुल निर्माण धीमा, डिप्टी सीएम ने बरसात से पहले हर हाल में पूरा करने का दिया निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 22 फरवरी। लोरमी दौरे पर पहुंचे छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने शनिवार को कारीडोंगरी और दरवाजा गांव के बीच मनियारी नदी पर बन रहे पुल का औचक निरीक्षण किया। काम की रफ्तार देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और  कहा कि अब देरी बर्दाश्त नहीं होगी, पुल बरसात से पहले चालू होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान साव ने पाया कि निर्माण लक्ष्य से काफी पीछे चल रहा है। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और ठेकेदार को निर्देश दिया कि साइट पर मजदूरों की संख्या तुरंत बढ़ाई जाए और काम की गति तेज की जाए।

उन्होंने कहा कि केवल नोटिस देकर औपचारिकता पूरी न करें। जरूरत पड़े तो ठेकेदार पर जुर्माना भी लगाया जाए। गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।

डिप्टी सीएम ने विभागीय अधिकारियों को रोजाना मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने दोहराया कि यह बहुप्रतीक्षित परियोजना है और इसे समय पर, मजबूत गुणवत्ता के साथ पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है।

साव ने बताया कि मनीयारी नदी पर पुल न होने से बरसात में जंगल क्षेत्र के कई गांव संपर्क से कट जाते हैं। लोगों को अस्पताल, स्कूल और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी दिक्कत उठानी पड़ती है।

पुल बन जाने से कारीडोंगरी, दरवाजा समेत आसपास के गांवों को सालभर आसान आवागमन मिलेगा। इससे इलाके के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।


अन्य पोस्ट