ताजा खबर

मनरेगा आंदोलन पर छत्तीसगढ़ में भी हो सकती है नजरबंदी- डॉ. महंत
18-Feb-2026 11:49 AM
मनरेगा आंदोलन पर छत्तीसगढ़ में भी हो सकती है नजरबंदी- डॉ. महंत

कांग्रेस विधानसभा घेराव की तैयारी में, खड़गे व राहुल गांधी भी पहुंचेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 18 फरवरी। मनरेगा और शंकराचार्य मामले को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शनों के बीच छत्तीसगढ़ के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने आशंका जताई है कि अगर प्रदेश में मनरेगा को लेकर बड़ा आंदोलन हुआ तो यहां भी कांग्रेस नेताओं को नजरबंद किया जा सकता है।

डॉ. महंत ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जिस तरह कांग्रेस नेताओं को घरों में नजरबंद किया गया, उससे साफ है कि सरकार विरोध की आवाज दबाना चाहती है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस छत्तीसगढ़ में मनरेगा मुद्दे पर विधानसभा का घेराव करती है, तो यहां भी वैसी ही कार्रवाई हो सकती है।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार शंकराचार्य के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग धार्मिक राजनीति की बात करते हैं, वे इस मामले में कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे? सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।

डॉ. महंत ने कहा कि मनरेगा योजना को पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी ने गरीबों को रोजगार देने के उद्देश्य से शुरू किया था। अब केंद्र सरकार इस योजना को कमजोर कर रही है। नई योजनाओं के नाम पर रोजगार की गारंटी खत्म की जा रही है। अलग-अलग एजेंसियों के जरिए काम कराने की बात हो रही है, जिससे मजदूरों को साल में कितने दिन काम मिलेगा, यह तय नहीं है। कांग्रेस ऐसे किसी विकल्प का विरोध करेगी जो मनरेगा की गारंटी को खत्म करे।

डॉ. महंत ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी भी छत्तीसगढ़ आकर आंदोलन का नेतृत्व करेंगे। पार्टी राज्यभर में विरोध कार्यक्रम चला रही है।


अन्य पोस्ट