ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
जशपुरनगर, 18 फरवरी। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के बागबहार इलाके में नाबालिग को बंधक बना गैंगरेप के बाद जान से मारने की कोशिश की गई और मृत समझकर सड़क किनारे फेंककर आरोपी फरार हो गए।
पत्थलगांव थाना क्षेत्र के गांव में आयोजित नाटक उत्सव के दौरान क्षेत्र में काफी उत्साह था। मंगलवार की सुबह करीब 3 बजे पीडि़ता नाटक देखकर अकेले पैदल अपने गांव लौट रही थी, तभी घात लगाए बैठे युवकों ने उसे दबोच लिया। आरोपी उसे जबरन पास के गुहरघाटी जंगल में ले गए।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने दिनभर उसे बंधक बनाकर रखा और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। मंगलवार रात करीब 11 बजे, अपनी पहचान छुपाने की नीयत से आरोपियों ने पीडि़ता का गला घोंट दिया। जब वह बेहोश हो गई, तो उसे मृत समझकर सड़क किनारे फेंक दिया।
हालत नाजुक, जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष
देर रात राहगीरों की नजर जब बेसुध लड़की पर पड़ी, तो हड़कंप मच गया। पीडि़ता के गले पर घोंटने के गहरे निशान थे और शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उसे कुकरगांव स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। स्थिति बिगड़ते देख उसे पत्थलगांव सिविल अस्पताल और फिर वहां से तत्काल अंबिकापुर भेज दिया गया है। वर्तमान में पीडि़ता की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल का बारीकी से जांच किया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही दरिंदे सलाखों के पीछे होंगे।
मामले को लेकर पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि मामले के हर पहलुओं को बारीकी से देखी जा रही हैं। वर्तमान स्थिति में पीडि़ता का स्वास्थ्य स्थिर नहीं है। जैसे ही उनकी तबियत सुधार होती हैं। पूछताछ की जाएगी।


