ताजा खबर

मुंबई रवाना हुए जिला पंचायत प्रतिनिधि, 7 दिन सीखेंगे आदर्श गांव का मंत्र
17-Feb-2026 11:02 AM
मुंबई रवाना हुए जिला पंचायत प्रतिनिधि, 7 दिन सीखेंगे आदर्श गांव का मंत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 17 फरवरी। बिलासपुर जिला पंचायत के 14 जनप्रतिनिधियों का दल सोमवार को दुरंतो एक्सप्रेस से मुंबई के लिए रवाना हुआ। इस दल में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और उपाध्यक्ष ललिता संतोष कश्यप भी शामिल हैं। ये सभी सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण और अभिमुखीकरण कार्यक्रम में भाग लेंगे।

यह प्रशिक्षण राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से आयोजित किया जा रहा है। मुंबई के प्रसिद्ध रामभाऊ म्हालंगी प्रबोधिनी संस्थान में 18 फरवरी से यह कार्यक्रम शुरू होगा। यहां विशेषज्ञ ग्रामीण विकास, सुशासन, वित्तीय प्रबंधन, आजीविका बढ़ाने के उपाय, डिजिटल पंचायत व्यवस्था और जनभागीदारी जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन देंगे।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिनिधि महाराष्ट्र के मॉडल गांवों का अध्ययन दौरा भी करेंगे। दल पुणे के पास स्थित रालेगण सिद्धि (सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे का गांव) और हिवरे बाजार जैसे चर्चित गांवों में जाएगा।

इन गांवों में जल संरक्षण, पारदर्शी प्रशासन, खेती में सुधार और सामुदायिक भागीदारी के सफल मॉडल लागू हैं। प्रतिनिधि वहां की व्यवस्थाओं को नजदीक से समझेंगे और जानेंगे कि इन्हें अपने क्षेत्र में कैसे लागू किया जा सकता है।

मुंबई रवाना होने से पहले जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि यह प्रशिक्षण बिलासपुर जिले की ग्राम पंचायतों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम कदम साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से मिले अनुभव विकास की रफ्तार को और तेज करेंगे।

कार्यक्रम से लौटने के बाद यह दल अपने अनुभव जिले की अन्य पंचायतों के साथ साझा करेगा, ताकि पूरे जिले में नई सोच और बेहतर कामकाज को बढ़ावा मिले।

पंचायत विभाग की उप संचालक  शिवानी सिंह ने कहा कि इस तरह के अंतरराज्यीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों के लिए बहुत उपयोगी होते हैं। दूसरे राज्यों के सफल गांवों को देखकर सोच का दायरा बढ़ता है और काम करने का नजरिया ज्यादा व्यवहारिक बनता है।


अन्य पोस्ट