ताजा खबर
महाराष्ट्र के पुणे में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में झड़प हुई है.
झड़प पुणे के कांग्रेस भवन में बीजेपी के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई. इस घटना में 7 लोग घायल हुए, जिनमें पुलिस कॉन्स्टेबल और पत्रकार भी शामिल हैं.
विरोध प्रदर्शन महाराष्ट्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के बयान के बाद किया गया. उन्होंने कथित तौर पर टीपू सुल्तान की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से की थी. बीजेपी शहर अध्यक्ष धीरज घाटे ने शनिवार को इस बयान के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और इसके बाद आंदोलन का एलान किया.
रविवार दोपहर बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस भवन के बाहर इकट्ठा हुए. शुरुआत में प्रदर्शन शांतिपूर्ण था. लेकिन बाद में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता गेट की ओर दौड़े और ज़ोरदार नारेबाज़ी शुरू कर दी.
पुलिस उन्हें हटाने की कोशिश कर रही थी, तभी कथित तौर पर एक बोतल कांग्रेस भवन के अंदर फेंकी गई. इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चप्पलें फेंकीं. जल्द ही दोनों तरफ़ से पत्थरबाज़ी शुरू हो गई.
जॉइंट कमिश्नर रंजनकुमार शर्मा ने बताया कि इस घटना में 2 पुलिस कॉन्स्टेबल, 3 कांग्रेस कार्यकर्ता, 2 बीजेपी कार्यकर्ता और 2 पत्रकार घायल हुए हैं. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है.
बीजेपी शहर अध्यक्ष धीरज घाटे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जानबूझकर हंगामा किया ताकि हमारी पार्टी की छवि ख़राब हो और शांतिपूर्ण प्रदर्शन बिगड़ जाए.
पुणे कांग्रेस शहर अध्यक्ष अरविंद शिंदे ने कहा, "प्रदर्शन कांग्रेस ऑफिस से 100 मीटर दूर होना था, लेकिन वे (बीजेपी कार्यकर्ता) ऑफिस में घुस आए और पत्थरबाज़ी शुरू कर दी, हमारी महिला कार्यकर्ताओं को गाली दी. हमने एफआईआर दर्ज कराई है और मांग करते हैं कि उन्हें कोर्ट में लाया जाए. अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम पूरे पुणे शहर में आंदोलन करेंगे." (bbc.com/hindi)


