ताजा खबर

गुणवत्ता सबसे ऊपर- एसईसीएल में सीएमडी ने की उपभोक्ताओं से सीधी बात
17-Feb-2026 11:00 AM
गुणवत्ता सबसे ऊपर- एसईसीएल में सीएमडी ने की उपभोक्ताओं से सीधी बात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 17 फरवरी। कोयले की गुणवत्ता और समय पर सप्लाई को लेकर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने बड़ा कदम उठाया है। 16 फरवरी 2026 को बिलासपुर स्थित मुख्यालय में उपभोक्ता बैठक आयोजित की गई, जहां कंपनी प्रबंधन और कोयला उपभोक्ताओं के बीच खुलकर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता सीएमडी हरीश दुहन ने की।

अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि अब टीम एसईसीएल का मूल मंत्र है- गुणवत्ता सबसे ऊपर। उनका कहना था कि लक्ष्य केवल ज्यादा कोयला निकालना नहीं है, बल्कि अच्छा, भरोसेमंद और समय पर कोयला पहुंचाना असली जिम्मेदारी है।

उन्होंने उपभोक्ताओं से खुलकर सुझाव देने की अपील की और भरोसा दिलाया कि हर सुझाव पर गंभीरता से विचार होगा और जरूरत पड़ी तो सुधारात्मक कदम भी उठाए जाएंगे।

डायरेक्टर (टेक्निकल/ऑपरेशंस) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने कहा कि शुद्ध उत्पादन, गुणवत्ता के साथ प्रेषण कंपनी का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि खदान से लेकर उपभोक्ता तक हर चरण में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उपभोक्ता संतुष्टि ही कंपनी की असली सफलता है। डायरेक्टर (टेक्निकल/प्रोजेक्ट्स एंड प्लानिंग) रमेश चंद्र महापात्र भी इस दौरान मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक (माइनिंग/सेल्स) अजीत चौधरी ने पावर प्वाइंट के जरिए एसईसीएल की कार्यप्रणाली, उत्पादन व्यवस्था, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा देने के प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी।

इंटरैक्टिव सत्र में उपभोक्ताओं ने कोयले की कीमत, बैंक गारंटी, बेहतर गुणवत्ता की आपूर्ति और अन्य संचालन संबंधी विषयों पर सवाल रखे और सुझाव दिए।

सीएमडी दुहन ने हर मुद्दे पर विस्तार से जवाब दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।

बैठक में महाप्रबंधक (क्वालिटी) संजीव निगम, महाप्रबंधक (वित्त) रोंटी बसु सहित कंपनी के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट