ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 15 फरवरी। शहर के सीतामढ़ी इलाके में शनिवार दोपहर एक युवक ने पत्नी से विवाद के बाद धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने आई मां और छोटी बहन को भी नहीं बख्शा। तीनों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पत्नी की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामढ़ी वैष्णव दरबार के पास रहने वाला रामेश्वर साहू शनिवार दोपहर घर लौटा। किसी बात को लेकर उसकी पत्नी सुक्रिता साहू से कहासुनी शुरू हुई। बात बढ़ी तो रामेश्वर ने पत्नी को कमरे में बंद कर दिया और मारपीट करने लगा।
बताया जा रहा है कि उसके पास मौजूद चाकू से उसने पत्नी पर कई वार किए। चीख-पुकार सुनकर घर के बाहर मौजूद मां सावन बाई और बहन निर्मला साहू दरवाजा खटखटाने लगीं। दरवाजा नहीं खुला तो दोनों ने खिड़की तोड़कर भीतर प्रवेश किया।
अंदर का नजारा देख दोनों ने सुक्रिता को बचाने की कोशिश की, लेकिन रामेश्वर और उग्र हो गया। उसने मां और बहन पर भी उसी हथियार से हमला कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। मोहल्ले वालों ने किसी तरह तीनों को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों का इलाज शुरू किया। सुक्रिता की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रामेश्वर अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता है और इसी बात को लेकर अक्सर झगड़ा करता था। इससे पहले भी वह पत्नी से मारपीट के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


