ताजा खबर
मुंबई, 15 फरवरी। वेस्टइंडीज ने प्रत्येक विभाग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रविवार को यहां नेपाल को टी20 विश्व कप के ग्रुप सी के मैच में नौ विकेट से हराकर सुपर आठ में अपनी जगह पक्की की।
नेपाल ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद आठ विकेट पर 133 रन बनाए। नेपाल की तरफ से दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 47 गेंद पर 58 रन की शानदार पारी खेली।
वेस्टइंडीज की तरफ से जैसन होल्डर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने चार ओवर में 27 रन देकर चार विकेट लिए। मैथ्यू फोर्ड ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 10 रन देकर एक विकेट लिया।
वेस्टइंडीज ने इसके जवाब में 15.2 ओवर में एक विकेट पर 134 रन बनाकर आसानी से लक्ष्य हासिल किया। वेस्टइंडीज की तरफ से कप्तान शाई होप ने 44 गेंद पर नाबाद 61 रन बनाए जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल हैं। शिमरोन हेटमायर ने चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 32 गेंद पर नाबाद 46 रन बनाए। (भाषा)


