ताजा खबर
सत्यनारायण धाम पहुंचे सीएम
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायगढ़,15 फरवरी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रायगढ़ के कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम में पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की और 1.20 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
श्री साय ने कहा कि यह धाम श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है और यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा समाज को सकारात्मक दिशा और आत्मबल प्रदान करती है। उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की जानकारी दी और कहा कि गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ सरकार जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस धाम में श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा वर्ष 1998 से कठोर तपस्या में लीन हैं और उन्हें वर्ष 2003 में 'श्री श्री 108' की उपाधि प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि यह धाम न केवल रायगढ़ बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है।
इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, सरपंच, गणमान्य नागरिक, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित थे।


