ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोरबा, 15 फरवरी। कोरबा जिले के हरदीबाजार क्षेत्र में शनिवार की शाम दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर सड़क से बेकाबू होकर सीधे एक मकान में जा घुसा। आंगन में बर्तन साफ कर रही गर्भवती महिला की मौके पर ही जान चली गई। पास में खेल रहे दो बच्चे और एक बुजुर्ग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद गांव में गुस्से का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।
जानकारी के मुताबिक हादसा हरदीबाजार थाना क्षेत्र के मुड़ापार बाजार पारा में हुआ। यहां सड़क किनारे भोला राम सूर्यवंशी का घर है। शनिवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच उनकी बड़ी बहू शशि बाई सूर्यवंशी (25 वर्ष) आंगन में बर्तन धो रही थीं। घर के बच्चे पास में खेल रहे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर घर की ओर मुड़ा और सीधे दीवार तोड़ते हुए आंगन में घुस गया। जोरदार टक्कर से घर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और शशि बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि शशि बाई गर्भवती थीं। इस खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों का कहना है कि बलौदा-हरदीबाजार मुख्य मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों से हादसे हो रहे हैं, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।
गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर रास्ता जाम कर दिया। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रमोद डड़सेना और तहसीलदार अभिजीत राजभानु मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने परिजनों को उचित सहायता और कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी समझाइश के बाद देर रात ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।


