ताजा खबर

कांग्रेस जिलाध्यक्षों सहित 7 पर बलवा की एफआईआर, सड़क जाम कर किया था प्रदर्शन
15-Feb-2026 12:02 PM
कांग्रेस जिलाध्यक्षों सहित 7 पर बलवा की एफआईआर, सड़क जाम कर किया था प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 15 फरवरी। नगर निगम की सामान्य सभा में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद सिविल लाइंस पुलिस ने कांग्रेस के शहर और ग्रामीण जिला अध्यक्ष समेत सात नेताओं के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। बाकी लोगों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है।

शुक्रवार को लखीराम ऑडिटोरियम में नगर निगम की तीसरी सामान्य सभा आयोजित की गई थी। इसी दौरान कांग्रेस नेताओं और पार्षदों ने लिंगियाडीह में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और पेयजल संकट को लेकर विरोध शुरू कर दिया। नेताओं ने ऑडिटोरियम के बाहर धरना दिया। मिशन अस्पताल रोड पर प्रदर्शन के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ। मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी और एनएसयूआई के पदाधिकारी भी मौजूद थे।

पुलिस ने शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, पार्षद दिलीप पाटिल, विक्की आहूजा, शहजादी खान, रणजीत सिंह और अर्पित केसरवानी सहित अन्य के खिलाफ बलवा और अवैध जमावड़े की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

एएसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि बिना अनुमति प्रदर्शन किया गया, जिससे आम लोगों को परेशानी हुई। इस आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। प्रतिक्रिया देते हुए शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मिश्रा ने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों पर पीछे नहीं हटेगी। एफआईआर से हमें डराया नहीं जा सकता।


अन्य पोस्ट