ताजा खबर

हाईकोर्ट बार में रजनीश बघेल बने अध्यक्ष, अनिल त्रिपाठी सचिव निर्वाचित
14-Feb-2026 12:23 PM
हाईकोर्ट बार में रजनीश बघेल बने अध्यक्ष, अनिल त्रिपाठी सचिव निर्वाचित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 14 फरवरी। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव इस बार बेहद दिलचस्प और कांटे की टक्कर वाले रहे। देर रात तक चली मतगणना के बाद रजनीश सिंह बघेल ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव श्रीवास्तव को कड़े मुकाबले में हराया। वहीं सचिव पद पर अनिल त्रिपाठी विजयी रहे।

मालूम हो कि करीब 1,213 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। हालांकि मतगणना देर रात तक चलती रही, लेकिन निर्वाचन अधिकारी आधिकारिक घोषणा नहीं कर सके।

अध्यक्ष पद के लिए इस बार कई दिग्गज मैदान में थे। राजीव श्रीवास्तव के अलावा अरविंद सिन्हा, दिनेश कुमार तिवारी, अब्दुल वहाब खान, शैलेंद्र कुमार बाजपेयी और हनुमान प्रसाद अग्रवाल ने भी ताल ठोकी थी। मतगणना शुरू होते ही राजीव श्रीवास्तव और रजनीश बघेल के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। कभी एक आगे तो कभी दूसरा। आखिर में बाजी रजनीश बघेल के हाथ लगी और वे पहली बार हाईकोर्ट बार के अध्यक्ष चुने गए।

अन्य पदों पर ये रहे विजेता रहे- उपाध्यक्ष (वरिष्ठ): गौतम खेत्रपाल, उपाध्यक्ष (महिला): मांडवी भारद्वाज, सचिव: अनिल त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष: हर हर आशा पूरन सिंह भाटिया, स्पोर्ट्स व सांस्कृतिक सचिव (वरिष्ठ): अमन पांडेय, स्पोर्ट्स व सांस्कृतिक सचिव (महिला): प्रज्ञा पांडेय, पुस्तकालय सचिव: राहुल कुमार मिश्रा, संयुक्त सचिव: विजय कुमार साहू तथा संयुक्त सचिव (महिला): आस्था शुक्ला।

कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अभिषेक पांडेय, त्रिवेणी शंकर साहू, आशुतोष मिश्रा, शरद मिश्रा और उज्ज्वल चौबे चुने गए। वहीं महिला कार्यकारिणी सदस्य के रूप में दीप्ति तिवारी और लक्ष्मिन कश्यप निर्विरोध चुनी गईं।

चुनाव प्रक्रिया में शहर के लॉ कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भी स्वेच्छा से सहयोग दिया। कौशलेंद्र राव लॉ कॉलेज और एलसीआईटी के छात्रों ने मतदान से लेकर मतगणना तक व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।


अन्य पोस्ट