ताजा खबर

बिलासपुर रेल मंडल को मिला ‘ओवरऑल एफिशिएंसी’ सतपुड़ा शील्ड
14-Feb-2026 11:58 AM
बिलासपुर रेल मंडल को मिला ‘ओवरऑल एफिशिएंसी’ सतपुड़ा शील्ड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 14 फरवरी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 13 फरवरी की शाम ‘विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार’ और ‘रेल सेवा पुरस्कार’ समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी, यूनियन प्रतिनिधि और उनके परिवार बड़ी संख्या में शामिल हुए। कई लोगों ने इसे यूट्यूब लाइव के जरिए भी देखा।

समारोह के मुख्य अतिथि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश रहे। उनके साथ मीनाक्षी शर्मा भी मौजूद थीं। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कर्मचारियों की मेहनत और लगन के कारण इस वर्ष रेलवे मंत्रालय स्तर पर तीन महत्वपूर्ण शील्ड हासिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि यही समर्पण आगे भी रेलवे को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

इस अवसर पर 19 मेजर शील्ड, 37 माइनर शील्ड, 60 विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार और 13 रेल सेवा पुरस्कार प्रदान किए गए। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे संगठन की सामूहिक उत्कृष्टता का प्रतीक है।

अतिरिक्त महाप्रबंधक, तीनों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक और विभागाध्यक्ष भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

उप महाप्रबंधक (सीनियर) समीर कांत माथुर ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए रेलवे के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। इस मौके पर भारतीय रेल की यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। सांस्कृतिक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्साह से भर दिया।

बेहतर प्रदर्शन के आधार पर बिलासपुर रेल मंडल को तीनों मंडलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित ‘ओवरऑल एफिशिएंसी’ सतपुड़ा शील्ड से नवाजा गया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सुश्कर विपुल विलासराव ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।


अन्य पोस्ट