ताजा खबर

दिनदहाड़े 2.5 लाख की लूट, बैग और साइकिल लेकर फरार
14-Feb-2026 11:56 AM
दिनदहाड़े 2.5 लाख की लूट, बैग और साइकिल लेकर फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

जांजगीर-चांपा, 14 फरवरी। राहौद इलाके में दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। बैंक से ढाई लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे एक व्यक्ति को दो अज्ञात युवकों ने रास्ते में रोक लिया और नकदी से भरा बैग व साइकिल छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, राहौद निवासी 50 वर्षीय गोपेश्वर कुमार पटेल 13 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे एसबीआई पामगढ़ शाखा पहुंचे थे। उन्होंने घरेलू खर्च के लिए गांव के ही श्याम चंदेल से लिए गए 2,50,000 रुपये का चेक बैंक में जमा किया था। दोपहर 1 से 2 बजे के बीच उन्होंने नकद राशि निकाल ली।

बैंक परिसर में उनकी मुलाकात परिचित मिथिलेश से हुई। दोनों साथ में राहौद लौटे। गांव पहुंचकर गोपेश्वर ने ग्रामीण बैंक के पास खड़ी अपनी साइकिल उठाई, रुपये से भरा बैग हैंडल में टांगा और घर की ओर चल पड़े।

वार्ड नंबर 14 में दो तालाबों के बीच सूनसान रास्ते पर दो अज्ञात युवक अचानक सामने आ गए। उन्होंने साइकिल रोककर बैग छीनी और नकदी लेकर भाग निकले। आरोपी साइकिल भी साथ ले गए।

सूचना मिलते ही राहौद पुलिस हरकत में आई। आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच शुरू की गई। क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को फुटेज में पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक नजर आए हैं।


अन्य पोस्ट