ताजा खबर

अचानकमार में फायरिंग कांड का फरार नाबालिग आरोपी पकड़ा गया
14-Feb-2026 11:55 AM
अचानकमार में फायरिंग कांड का फरार नाबालिग आरोपी पकड़ा गया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 14 फरवरी। अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज जंगल में हुई फायरिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रबंधन ने चौथे फरार आरोपी को पकड़ लिया है। यह आरोपी नाबालिग है। उसे मुंगेली न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे किशोर गृह भेजने का आदेश दिया। मामले की अगली सुनवाई 18 फरवरी को होगी।

मालूम हो कि 27 दिसंबर को लोरमी क्षेत्र के तीन युवक और कोरबा का एक युवक खुड़िया मार्ग से होकर जकर बांधा बैरियर पहुंचे थे। दिन में उन्होंने पहले हवा में और फिर जंगल की ओर गोलियां चलाईं।

आरोप है कि रात में वे रिजर्व क्षेत्र के भीतर बैठे, आग जलाई और दोबारा फायरिंग की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद एटीआर प्रबंधन हरकत में आया। 2 जनवरी को लोरमी से तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से दो बंदूकें बरामद हुई थीं। बाद में एक और हथियार लोरमी के एक फार्महाउस से जब्त किया गया।

27 जनवरी को तीनों आरोपियों को जमानत मिल गई थी। वहीं फरार नाबालिग आरोपी की जमानत अर्जी 4 फरवरी को खारिज कर दी गई थी।

11 फरवरी को नाबालिग के परिजनों ने उसे एटीआर प्रबंधन के हवाले कर दिया। इसके बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे किशोर गृह भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट