ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 14 फरवरी। एक साल में पैसा दोगुना होने के लालच में एक युवक 6 लाख 5 हजार रुपये गंवा बैठा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सामने आए इस मामले में पुलिस ने कवर्धा निवासी झमिया यादव और चेतन पटेल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पीड़ित अनिल कुमार पांडेय, निवासी जांजगीर, ने बताया कि करीब एक साल पहले उनकी मुलाकात दोनों आरोपियों से हुई थी।
अनिल के मुताबिक, झमिया और चेतन खुद को फॉरेक्स ट्रेडिंग का एक्सपर्ट बताते थे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगर पैसा लगाया जाए तो एक साल में रकम दोगुनी हो जाएगी। मीठी बातों में आकर अनिल निवेश के लिए तैयार हो गए।
6 अगस्त को आरोपियों ने अनिल को बिलासपुर के मैग्नेटो मॉल बुलाया। वहां 1 लाख 50 हजार रुपये नकद और 70 हजार रुपये फोनपे के जरिए लिए गए।
इसके बाद अगस्त से अक्टूबर के बीच सात किस्तों में कुल 4 लाख 55 हजार रुपये और ट्रांसफर कराए गए। इस तरह कुल मिलाकर 6 लाख 5 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए गए।
इतनी बड़ी रकम लेने के बाद आरोपियों ने सिर्फ 23 हजार रुपये वापस किए। जब अनिल ने बाकी पैसे मांगे तो टालमटोल शुरू हो गई। बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया। पूछने पर कह दिया कि पैसा खर्च हो चुका है।
पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और लेन-देन के डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।


