ताजा खबर

कोटा के जंगल में बाघिन की आहट, दो शावकों के साथ घूम रही, विभाग अलर्ट
14-Feb-2026 11:52 AM
कोटा के जंगल में बाघिन की आहट, दो शावकों के साथ घूम रही, विभाग अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 14 फरवरी। अचानकमार टाइगर रिजर्व से लगे कोटा वन विकास निगम के जंगल में बाघिन अपने दो शावकों के साथ घूमती मिली है। तालाब के पास गीली मिट्टी में 50 से 60 तक ताजा पदचिह्न मिलने के बाद वन अमला सतर्क हो गया है।

कोटा–बेलगहना क्षेत्र के जंगल में मिले इन निशानों में बाघिन के बड़े पंजों के साथ छोटे-छोटे शावकों के पंजों के निशान भी साफ दिखाई दिए हैं।

सूचना मिलते ही एटीआ प्रबंधन, कोटा रेंज और वन विकास निगम के फील्ड स्टाफ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि बाघिन के साथ दो शावक हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि शावकों की उम्र करीब 4 से 5 महीने है।

हालांकि अब तक किसी ने बाघिन और उसके शावकों को प्रत्यक्ष नहीं देखा है, लेकिन पदचिह्न ताजा होने से उनकी मौजूदगी की पुष्टि मानी जा रही है।

चूंकि शावक अभी छोटे हैं, इसलिए विभाग उनकी सुरक्षा को लेकर ज्यादा सतर्क है। जंगल के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने फील्ड स्टाफ को लगातार गश्त करने और हर गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।

इन दिनों अचानकमार टाइगर रिजर्व में वन्यजीव गणना का काम चल रहा है। ऐसे समय में बाघिन और शावकों की मौजूदगी विभाग के लिए महत्व की जानकारी मानी जा रही है।

वन अधिकारियों ने लोगों से सतर्कता बरतने कहा है, ताकि बाघिन और उसके शावकों को किसी तरह की परेशानी न हो।


अन्य पोस्ट