ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 14 फरवरी। बिल्हा थाना क्षेत्र में राइस मिल से 360 क्विंटल धान गबन का मामला सामने आया है। आरोप है कि मिल के मुंशी ने सरकारी आदेश पर उठाया गया धान मिल में जमा करने के बजाय बेच दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, बिल्हा क्षेत्र के कोटिया गांव निवासी 52 वर्षीय धर्मराज सिंह, कुवापाली गांव में महावीर एग्रो इंडस्ट्रीज नाम से राइस मिल चलाते हैं। उन्होंने बरतोरी गांव के 34 वर्षीय श्याम अग्रवाल को क्लर्क रखा था।
श्याम मिल के सभी कामकाज संभालता था, जिसमें डीओ लेटर, गेट पास और धान उठाव शामिल था। आरोप है कि वर्ष 2025 में मार्कफेड से जारी डीओ के आधार पर आरोपी ने 1 जनवरी को बोइसरा धान उपार्जन केंद्र से 180 क्विंटल और 9 जनवरी को बिटकुली केंद्र से 180 क्विंटल धान उठाया। यह धान कस्टम मिलिंग के लिए मिल में लाया जाना था।
मार्च 2025 में जब स्टॉक रजिस्टर की जांच हुई तो 360 क्विंटल धान कम पाया गया। पूछताछ में क्लर्क ने धान बेच देने की बात स्वीकार की, लेकिन कहां बेचा, इसकी जानकारी नहीं दी।
आरोपी ने 15-20 दिन में 9 लाख रुपये लौटाने का भरोसा दिया और 1 अप्रैल 2025 को एक लिखित अनुबंध भी किया। इसके बाद वह फरार हो गया। पैसा वापस न मिलने पर मिल संचालक ने बिल्हा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि धान कहां और किसे बेचा गया।


