ताजा खबर
बारामती विमान हादसे में 28 जनवरी को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के साथ कैप्टन सुमित कपूर, कैप्टन शाम्भवी पाठक, अजित पवार के सुरक्षा गार्ड विदिप जाधव और फ़्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की मौत हो गई थी.
अब इस हादसे पर पिंकी माली के पिता शिवकुमार माली ने आशंका जताई है.
समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में शिवकुमार माली ने कहा, “रोहित दादा पवार का प्रेज़ेंटेशन देखने के बाद हम लोगों के मन में भी शंका आने लगी. उनकी कुछ बातों से हम भी सहमत हैं. सच्चाई सामने आनी चाहिए.”
“ये षडयंत्र है या हादसा है? अगर ये षडयंत्र है तो इसकी जांच होनी चाहिए, चाहे वो सीबीआई के माध्यम से हो, चाहे सरकार की तरफ से एसआईटी के माध्यम से हो या न्यायिक जांच हो? षडयंत्र का पता लगाना सरकार का काम है.”
उन्होंने कहा, “अगर यह हादसा है तो जांच में यह भी सामने आना चाहिए कि फ़्लाइट में क्या कमी थी? महाराष्ट्र के इतने बड़े नेता उप मुख्यमंत्री के साथ ही हमने अपनी बेटी पिंकी को गंवा दिया. पूरा देश जानना चाहता है कि क्या हुआ था?”
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार की एक विमान हादसे में मौत के बाद 10 फरवरी को एक बार फिर इस मामले को लेकर चर्चाओं का एक नया दौर शुरू हो गया.
दरअसल अजित पवार के भतीजे और विधायक रोहित पवार ने अजित पवार की आकस्मिक मृत्यु में साज़िश की आशंका जताई है.
रोहित पवार ने मंगलवार को मुंबई में दावा किया कि कई स्रोतों से विस्तृत जानकारी जुटाने के बाद ही वो ऐसा कह रहे हैं.
रोहित पवार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, उन्हें एयरलाइन कंपनी वीएसआर, बुकिंग संभालने वाली कंपनी एरो और पायलट सुमित कपूर पर संदेह है. (bbc.com/hindi)


