ताजा खबर

टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान ने बताया, भारत के ख़िलाफ़ मैच खेलने पर क्यों हुआ राजी
13-Feb-2026 8:47 AM
टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान ने बताया, भारत के ख़िलाफ़ मैच खेलने पर क्यों हुआ राजी

पाकिस्‍तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता ताहिर हुसैन अंद्राबी ने कहा है कि पाकिस्तान ने भारत के ख़िलाफ़ मैच न खेलने का फैसला इसलिए किया था ताकि खेल को हथियार बनने से रोका जा सके.

बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, गुरुवार को साप्ताहिक ब्रीफ़िंग के दौरान उन्होंने कहा कि क्रिकेट में राजनीति को शामिल करना या इसे हथियार के रूप में इस्तेमाल करना दुखद है.

उन्होंने कहा, ''भारत बांग्लादेश के ख़िलाफ़ क्रिकेट को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहा है. हमारा फैसला था कि हम क्रिकेट में राजनीति को नहीं आने देंगे.''

इससे पहले पाकिस्तान ने इस महीने की शुरुआत में बांग्लादेश का समर्थन करते हुए 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के साथ होने वाले टी-20 विश्व कप मैच में खेलने से इनकार कर दिया था.

पाकिस्तान का कहना था कि भारत में खेलने को लेकर बांग्लादेश की सुरक्षा चिंताओं को नजरअंदाज करते हुए उसे टूर्नामेंट से बाहर करना अनुचित था.

लेकिन 8 फरवरी को लाहौर में आईसीसी के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों के बीच हुई बैठकों के बाद, पाकिस्तान ने अपना फैसला बदल दिया और भारत के ख़िलाफ़ खेलने के लिए सहमत हो गया.

पाकिस्तान ने दावा किया था कि आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट के साथ हुए अन्याय को दूर करने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद पाकिस्तान ने भारत के साथ मैच खेलने का फ़ैसला किया. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट