ताजा खबर

कानूनी अड़चन ने विवाह से रोका, प्रेमी युगल ने उठाया आत्मघाती कदम
13-Feb-2026 11:34 AM
कानूनी अड़चन ने विवाह से रोका, प्रेमी युगल ने उठाया आत्मघाती कदम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 13 फरवरी। जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत पनकोटा गांव में प्रेम संबंध में साथ रह रहे युवक-युवती ने एक ही रात में अलग-अलग स्थानों पर फांसी लगाकर जान दे दी। आगामी 10 फरवरी को आयोजित मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के सामूहिक विवाह में दोनों विवाह बंधन में बंधने वाले थे, लेकिन कानूनी आयु की बाधा ने उनके सपनों को तोड़ दिया।

मृतका अनीता भैना (19), निवासी कोटा थाना क्षेत्र, और कृष्णकुमार भैना (18), निवासी पनकोटा, पिछले कुछ समय से साथ रह रहे थे। परिवार के अनुसार, दोनों एक-दूसरे से विवाह करना चाहते थे और मुख्यमंत्री की सामूहिक विवाह योजना में शामिल होने की तैयारी भी कर चुके थे।

हालांकि, विवाह के लिए पुरुष की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है, जबकि कृष्णकुमार की उम्र मात्र 18 वर्ष थी। इसी कारण उनका विवाह संभव नहीं हो पाया। इस कानूनी अड़चन ने दोनों को मानसिक रूप से विचलित कर दिया था।

बताया जा रहा है कि बुधवार रात इसी विषय को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। सामाजिक बदनामी के भय से अनीता काफी चिंतित थी। रात में दोनों एक ही कमरे में सोए थे। आधी रात के बाद, जब कृष्णकुमार सो रहा था, तब अनीता ने घर के भीतर फांसी लगा ली।

करीब 12 बजे जब कृष्णकुमार की नींद खुली, तो उसने अनीता को फंदे पर लटका पाया। उसने तत्काल उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। यह दृश्य देखकर वह गहरे सदमे में चला गया।

अनीता की मौत से व्यथित कृष्णकुमार घर से निकल गया और पास के पांस जंगल पहुंचकर पेड़ से फांसी लगा ली। सुबह ग्रामीणों को उसका शव पेड़ से लटका मिला।

कृष्णकुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद दोनों परिवार विवाह के लिए तैयार थे, परंतु कानून की शर्तों ने सब कुछ बदल दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट